कांग्रेस का चुनावी बिगुल : घनश्याम सिंह का 13 जुलाई को नामांकन, जीतू पटवारी-दिग्विजय सिंह समेत दिग्गजों का होगा जमावड़ा !

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस सोमवार, 13 जुलाई को अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक घनश्याम सिंह सोमवार सुबह 10 बजे कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले रिंग रोड स्थित भैरव मंदिर (राजगढ़ चौराहा) पर विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

आमसभा के बाद घनश्याम सिंह समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे। यह जुलूस गांधी रोड, तिगेलिया, टाउन हॉल, बड़ा बाजार और किला चौक सहित प्रमुख बाजारों से होकर निकलेगा। इस दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों से जनसंपर्क करने के बाद वे न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा शक्ति प्रदर्शन : कांग्रेस के इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, सांसद एवं सह-प्रभारी संजना जाटव, पूर्व मंत्री अजय सिंह, सांसद अशोक सिंह, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, फूल सिंह बरैया, पंकज उपाध्याय, केशव देसाई, नितेन्द्र राठौर, दिनेश गुर्जर, सुरेश राजे, साहब सिंह गुर्जर, सतीश सिकरवार, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, प्रभु सिंह ठाकुर, लाखन सिंह यादव, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, नीटू सिकरवार, जिला संगठन प्रभारी रामलखन इंडोतिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा, वरिष्ठ नेता अवधेश नायक सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

अनुभवी नेता पर कांग्रेस का दांव : 72 वर्षीय घनश्याम सिंह दतिया जिले की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे दतिया राजपरिवार से आते हैं और लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं। उनके पिता स्वर्गीय महाराज कृष्ण सिंह जूदेव वर्ष 1984 में भिंड-दतिया लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद रहे थे।

घनश्याम सिंह वर्ष 1993 और 2003 में दतिया विधानसभा से विधायक चुने गए। वर्ष 2008 में उन्हें भाजपा के डॉ. नरोत्तम मिश्रा से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें सेवढ़ा विधानसभा से मैदान में उतारा, जहां 2018 में उन्होंने जीत दर्ज की। हालांकि 2023 के विधानसभा चुनाव में वे भाजपा प्रत्याशी प्रदीप अग्रवाल से पराजित हुए।

उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत : दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। भाजपा ने आशुतोष तिवारी, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने दामोदर यादव को मैदान में उतारा है।

तीनों प्रमुख दलों के चुनावी अभियान तेज हो चुके हैं और नामांकन प्रक्रिया के साथ जिले में चुनावी गतिविधियां भी चरम पर पहुंचने लगी हैं। सोमवार को कांग्रेस का नामांकन कार्यक्रम उपचुनाव के प्रचार अभियान का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter