यूपी दहलाने की साजिश नाकाम : लखनऊ में अलकायदा से जुड़े दो आतंकी गिरफ्तार, दो प्रेशर कुकर बम बरामद

लखनऊ : उत्तर प्रदेश को दहलाने की बड़ी साजिश लखनऊ में रची जा रही थी, जिसके पीछे अलकायदा का हाथ था। आतंकी मंसूबे स्वतंत्रता दिवस से पहले कई शहरों में धमाकों के थे। मानव बम के जरिए भी हमलों की तैयारी थी।

इतना ही नहीं, अयोध्या, मथुरा व काशी में भी आतंकी घटनाओं का षड्यंत्र था। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने अपनी मुस्तैदी से इस बड़ी साजिश को नाकाम किया है। आतंकी संगठन अलकायदा समर्थित अंसार गजवातुल हिंद से जुड़े दो आतंकियों मिनहाज अहमद व मसीरुद्दीन को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों का कहना है कि कुछ भाजपा नेता भी इनके निशाने पर थे। विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में इस तरह की गहरी आतंकी साजिश के सामने आने के बाद अन्य जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। कई जिलों की पुलिस को अलर्ट किया गया है। संदिग्धों की तलाश भी तेज की गई है।

भीड़भाड़ वाले इलाके थे निशाने पर : एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) प्रशांत कुमार का कहना है कि एटीएस की टीमों ने रविवार को लखनऊ में मिनहाज अहमद व मसीरुद्दीन उर्फ मुशीर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों अपने अन्य साथियों की मदद से 15 अगस्त से पहले लखनऊ, कानपुर व अन्य बड़े शहरों में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बम धमाकों की साजिश रच रहे थे। इनके दो साथी भाग निकले हैं।

संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। संपर्को की छानबीन शुरू : एडीजी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आतंकियों के बारे में बीते दिनों खुफिया जानकारियां मिली थीं, जिनके आधार पर छानबीन चल रही थी।

इसमें मिनहाज, मसीरुद्दीन व शकील के नाम प्रकाश में आए थे, जो अलकायदा के इंडियन सबकांटीनेंट माड्यूल अंसार गजवातुल हिंद (एजीएच) का देश में संचालन कर रहे उमर हलमंडी के सीधे संपर्क में थे। उमर हलमंडी के ही इशारे पर लखनऊ समेत अन्य बड़े शहरों में धमाकों की तैयारी थी।

उमर हलमंडी पाकिस्तान-अफगानिस्तान के सीमा क्षेत्र से आतंकी गतिविधियों का संचालन करता है। पकड़े गए आरोपितों से आइबी व अन्य खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी पूछताछ कर रहे हैं।

दोनों के बारे में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) को भी जानकारी दी गई है। उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी इनके संपर्कों की छानबीन शुरू की गई है।

तैयार किया था कुकर बम : आइजी एटीएस जीके गोस्वामी के अनुसार मिनहाज के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक, एक कुकर बम व पिस्टल बरामद हुई है। उसके घर से बरामद इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) को बम निरोधक दस्ता से निष्कि्रय कराया गया है।

मसीरुद्दीन के घर भी कुकर बम बरामद हुआ है। उनका कहना है कि दोनों आरोपित बम बनाने में एक्सपर्ट हैं और दोनों ने मिलकर परसों रात में मिनहाज के घर में एक कुकर बम बनाया था। मिनहाज पूर्व में लखनऊ स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में टेक्नीशियन था।

आइजी का कहना है कि मसीरुद्दीन कोई काम नहीं करता था। उसके तीन बेटे ई-रिक्शा चलाते हैं। एटीएस ने मिनहाज को पकड़ने के बाद उससे पूछताछ में सामने आई जानकारियों के बाद मसीरुद्दीन को उसके घर से पकड़ा।

आज कोर्ट में पेश किए जाएंगे दोनों आतंकी आइजी एटीएस का कहना है कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध लखनऊ स्थित एटीएस थाने में एफआइआर दर्ज की गई है। उनसे कई बिंदुओं पर सघनता से पूछताछ की जा रही है।

दोनों को सोमवार को लखनऊ स्थित कोर्ट में पेश किया जाएगा। दोनों को पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है। दोनों के कई साथियों की भी तलाश की जा रही है। अलकायदा से जुड़े उनके अन्य सक्रिय साथियों के बारे में भी पड़ताल कराई जा रही है। जल्द कुछ और बड़े राजफाश हो सकते हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter