Datia News : दतिया । पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम बरका में रंगबाजी के चलते अपराधी प्रवृत्ति के चाचा-भतीजे ने दो सगे भाइयों पर पर कट्टे से गोलीबारी कर दी। जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने आरोपितों की जल्दी गिरफ्तारी की बात कही है।
जानकारी के अनुसार बरका में भैंस को चराने के लिए बाहर ले जाते समय चबूतरे पर चढ़ जाने को लेकर विवाद हो गया। इसीको लेकर चबूतरा मालिक राकेश पटेल और उसका भतीजा विनीत कट्टा लेकर बाहर आ गए और उन्होंने रामपाल साहू व उसके भाई शशिकांत पर गोली चला दी।
इस घटना में जहां रामपाल की एड़ी में और शशिकांत के कंधे में गोली जा धसी। दोनों युवक गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह 8 बजे की बताई जाती है। सूचना पर पंडोखर थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले को लेकर छानबीन की।
पंडोखर पुलिस ने बताया कि फरियादी रामपाल साहू (28) तथा शशिकांत साहू पुत्रगण गंगाराम साहू (25) दोनों सगे भाई हैं। वे अपनी भैसों को लेकर गांव के बाहर चराने के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान एक भैंस आरोपित विनीत पटेल और राकेश पटेल निवासी बरका जो आपस में चाचा-भतीजा हैं, उनके चबूतरे पर चढ़ गई। जिस पर विवाद हो गया। आरोपितों ने दोनों भाईयों पर फायरिंग कर दी।
इसमें शशिकांत के कंधे पर एवं रामपाल की एड़ी में गोली लगी है। जिसमें दोनों भाई घायल हो गए जिन्हें पहले जिला चिकित्सालय दतिया लाया गया, बाद में उन्हें ग्वालियर रैफर किया गया है। उनमें से एक भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों में राकेश पटेल अपराधी किस्म का व्यक्ति है। 2010 में जब पुलिस एक हत्या के प्रयास के मामले में उसे गांव में गिरफ्तार करने पहुंची थी, तो उसने पुलिस पर भी फायरिंग की थी।
इसके बाद तत्कालीन एसपी भी गांव पहुंचे थे, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी हो सकी थी। उसके ऊपर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इस गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस बरका गांव पहुंच गई थी। तब तक आरोपितगण फरार हो गए थे। सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम बरका में पुलिस बल तैनात किया गया है।


