एवरेस्ट पर भी चढ़ा कोरोना, बेस कैंप में 100 से ज्यादा पर्वतारोही पाजिटिव मिले, संक्रमण के कारण बढ़ी चिंता

काठमांडू । कोरोना महामारी के कहर से माउंट एवरेस्ट भी अछूता नहीं रह गया है। दुनिया की इस सबसे ऊंची चोटी पर भी संक्रमण बढ़ गया है। यहां अब तक 100 मामले मिले हैं। इधर पाकिस्तान में भी संक्रमण बढ़ रहा है। जबकि श्रीलंका में संक्रमण की रोकथाम के लिए ट्रेनों और बसों की आवाजाही पर चार दिनों के लिए रोक लगा दी गई है। इस बीच दुनियाभर में बीते 24 घंटे में छह लाख से ज्यादा नए संक्रमित बढ़ गए और करीब साढ़े 12 हजार लोगों की मौत हो गई।

एक गाइड ने शनिवार को बताया कि एवरेस्ट पर संक्रमण बढ़ गया है। बेस कैंप में अब तक करीब 100 लोग पाजिटिव पाए गए हैं। संक्रमित लोगों की संख्या 150 से ज्यादा हो सकती है। क्योंकि यहां कई लोगों को बीमार देखा जा सकता है। एवरेस्ट की चढ़ाई के लिए इस साल कुल 408 विदेशी पर्वतारोहियों को अनुमति दी गई है। जबकि महामारी से जूझ रहे नेपाल में शुक्रवार को 8,607 नए मामले पाए गए और 177 पीड़ितों की मौत हो गई।

पाकिस्तान में भी हालात अच्छे नहीं हैं। इस देश में बीते 24 घंटे में 3,070 नए केस पाए गए और 102 मरीजों की जान चली गई। इधर श्रीलंका में कोरोना के प्रसार पर अंकुश के लिए शुक्रवार से ट्रेनों और बसों की आवाजाही रोक दी गई। इस देश में कुल एक लाख 54 हजार से ज्यादा मामले पाए गए और 1,089 पीड़ितों की मौत हुई है। ब्राजील में 2,215 पीड़ितों के दम तोड़ने से मृतक संख्या चार लाख 46 हजार से ज्यादा हो गई। कुल एक करोड़ 59 लाख 70 हजार केस मिले हैं। वहीं जर्मनी में देश में संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाई गई पाबंदियों में ढील दी गई है। कोरोना महामारी में गिरावट आने के बाद यह कदम उठाया गया है। अर्जेंटीना में 24 घंटे में 695 मरीजों के दम तोड़ने से मरने वालोंे की संख्या 73 हजार से अधिक हो गई। देश में 35 हजार से ज्यादा नए केस पाए गए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!