जिला अस्पताल में हुई कोरोना संक्रमित की मौत, तीसरी लहर में रविवार को दूसरे मरीज की गई जान

Datia News : दतिया। कोरोना की तीसरी लहर में रविवार दोपहर एक वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध का दतिया जिला अस्पताल सह मेडीकल कालेज के कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा था। जहां रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक 76 वर्षीय बाबू गिरी निवासी बीकर हाल ही में कोरोना संक्रमित निकला था।

जिसे तबियत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया था। उक्त वृद्ध डायबिटीज, बीपी, ज्वाइंडिस एवं सीआेपीडी बीमारी से भी ग्रसित था। रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई। कोरोना प्रोटोकोल के तहत अस्पताल प्रबंधन ने वृद्ध का अंतिम संस्कार कराया।

इससे पूर्व शनिवार को भी एक बाहरी कोरोना संक्रमित महिला की दतिया जिला अस्पताल में मौत हुई थी। हालांकि उसकी मौत का कारण अन्य बीमारियों से होना बताया गया है। इसी कारण सरकारी पोर्टल पर भी इस मौत को संक्रमित होने के कारण नहीं माना गया है।

उक्त महिला गीता पटेरिया पत्नी संतोष पटेरिया निवासी निवाड़ी का ग्वालियर में उपचार चल रहा था। महिला डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, सीओपीडी, निमोनिया आदि बीमारियों से ग्रसित थी। ऐसे में संक्रमण की चपेट में आने के बाद उसे ग्वालियर उपचार के लिए भर्ती कराया गया था।

जहां हालत बिगड़ने पर महिला को दतिया जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में रेफर कर दिया गया। शनिवार को उसकी मौत हो गई। पिछले 8 माह बाद कोरोना से मौत का सिलसिला तीसरी लहर में फिर से शुरू हो गया। इससे पूर्व जून माह में कोरोना संक्रमित की मौत हुई थी।

रविवार को मिले 49 संक्रमित

रविवार को भी 49 काेरोना संक्रमित मिले हैं। 987 लोगों की सैंपलिंग की जांच रिपोर्ट में से 49 मरीज संक्रमित निकले हैं। जबकि 57 को संक्रमण से मुक्त हो जाने पर डिस्चार्ज भी किया गया। इस तरह अब कुल एक्टिव केसों की संख्या 240 हो गई है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में हर राेज उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसे लेकर सतर्कता बरतने को कहा गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!