यूपी में बढ़े ढाई गुना कोरोना मरीज, कानपुर में 35 नए संक्रमित मिले, अधिकारियों में मची खलबली

Lucknow News : लखनऊ । यूपी में बुधवार को कोरोना मरीजों की संख्या में करीब ढाई गुना बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में 89 नए रोगी मिले। इसमें से 35 मरीज अकेले कानपुर में ही सामने आए, जबकि एक दिन पहले मंगलवार को यहां केवल दो रोगी सामने आए थे। कानपुर में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम था। उनसे मिलने वालों की सूची में शामिल पांच लोग भी कोरोना पाजिटिव पाए गए।

कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कालेज के माइक्रोबायोलाजी विभाग की कोविड-19 लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद बुधवार को अधिकारियों में खलबली मच गई। सीएमओ डा. नैपाल सिंह ने सुबह से ही स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीमों (आरआरटी) को क्षेत्र में सक्रिय कर दिया। संक्रमितों के संपर्क में आए 25-25 व्यक्तियों का नमूना लेने के लिए सर्विलांस टीमें भी लगाई गई हैं। कानपुर के जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने सीएमओ को सैंपलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया है।

इस पर सीएमओ ने सैंपलिंग के नोडल अफसर को बुधवार से 10 हजार सैंपलिंग कराने का आदेश दिया है। दूसरी तरफ प्रदेश में भी एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में रोगी बढ़ने पर चिंता जताई जा रही है। बीते मंगलवार को प्रदेश में 36 मरीज मिले थे। पिछले 15 दिनों से लगातार मरीजों की संख्या घट रही थी, लेकिन बीते 24 घंटे में काफी रोगी बढ़ गए।

इसी के साथ अब 80 हजार निगरानी कमेटियों को अलर्ट कर दिया गया है और कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की पहचान कर उनकी कोरोना जांच कराई जा रही है। बढ़े संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। बीते मंगलवार को 54 जिलों में एक भी रोगी नहीं मिला था यानी सिर्फ 21 जिलों में ही मरीज पाए गए थे।

बुधवार को सिर्फ 36 जिले ही ऐसे रहे जहां कोरोना का एक भी नया मरीज नहीं मिला। यानी 39 जिलों में संक्रमित पाए गए। ऐसे में पिछले 24 घंटे में 18 जिले दोबारा संक्रमण की चपेट में आ गए। लगातार संक्रमण मुक्त चल रहे 11 जिलों में से चार जिले भी दोबारा संक्रमण की जद में आ गए। इसमें बदायूं, फतेहपुर, हमीरपुर व बहराइच शामिल हैं।

प्रदेश में अब कोरोना के 768 सक्रिय केस हैं, जिसमें 508 रोगी होम आइसोलेशन में अपना इलाज करा रहे हैं। बाकी कोरोना के सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती हैं। एक और मरीज की कोरोना से हुई है। अब तक कुल 22,755 रोगी अपनी जान गंवा चुके हैं। अब तक कुल 17.08 लाख लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 16.84 लाख मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। अब रिकवरी रेट 98.6 प्रतिशत है।

बीते 24 घंटे में 2.53 लाख लोगों की कोरोना जांच कराई गई। अब तक कुल 6.47 करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट हो चुका है। पाजिटिविटी रेट में भी बढ़ोतरी हुई है। एक सप्ताह से यह 0.01 प्रतिशत था और अब यह बढ़कर 0.03 फीसद हो गया है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे में जिन 18 जिलों में कोरोना के फिर से नए रोगी मिले हैं उनमें कुशीनगर, रायबरेली, बरेली, आजमगढ़, मुजफ्फरनगर, सुल्तानपुर, लखीमपुर खीरी, अंबेडकरनगर, रामपुर, औरैय्या, बलिया, शामली, हापुड़, जालौन, मऊ, मीरजापुर, बदायूं व फतेहपुर शामिल हैं।

कोरोना संक्रमण को लेकर लापरवाही बरतना खतरनाक साबित हो सकता है। फिलहाल अभी तीसरी लहर आ गई है, यह कहना जल्दबाजी होगी। कोरोना के अचानक बढ़े केस को देखते हुए निगरानी कमेटियों को अलर्ट कर दिया गया है। मास्क जरूर लगाएं और दो गज की शारीरिक दूरी के नियम का सख्ती से पालन करें। टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है और 4.63 करोड़ वैक्सीन लगाकर यूपी देश में पहले नंबर पर है। अपनी बारी आने पर वैक्सीन जरूर लगवाएं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!