भांडेर । कोरोना महामारी के दौर में फ्रंट लाइन के रूप में आगे आकर काम करने वाले स्वास्थ्य, आयुष एवं महिला एवं बाल विकास के कर्मचारियों को सोमवार से कोविड वैक्सीन लगना प्रारम्भ होगी। इसके लिए चिह्नित किए गए कुल 731 में से इस सप्ताह सोमवार, बुधवार, गुरुवार तथा शनिवार चार दिनों में 384 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। हर रोज 100 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। शेष लोगों को अगले चरण में वैक्सीन लगेगी। इसके लिए मेला मैदान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भांडेर पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
वैक्सीन पहुंची भांडेर, बीएमओ ने किया पूजन
शनिवार शाम को पुराने अस्पताल स्थित वैक्सीन स्टोर में वैक्सीन पहुंची। जहां बीएमओ डा. आरएस परिहार द्वारा पूजन किया गया। इस वैक्सीन के विषय में जानकारी देते हुए बताया गया कि 2 से 8 डिग्री तापमान पर स्टोर करने की सुविधा वहां है। सोमवार के लिए वेक्सीन के 110 डोज प्राप्त हो चुके हैं। गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के दौर में भांडेर में पिछले वर्ष पहला केस अनुभाग के ग्रामीण क्षेत्र लहार हवेली में बलराम गोस्वामी के रूप में 20 मई को सामने आया था। इसके बाद से अब तक कुल 8275 मरीजांे की जांच की गई। जिसमें नगर के 2508 तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 5767 संदिग्धों की जांच की गई थी। जिनमें 166 मरीज कोरोना ग्रसित पाए गए थे। जिनमें से चार लोगों को इस बीमारी के चलते अपनी जान गंवानी पड़ी थी।

