आजादी की सालगिरह पर कोरोना का असर, इस बार भी नहीं होंगे रंगारंग कार्यक्रम, सिर्फ होगा ध्वजारोहण

Datia News : दतिया। न्यू कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक कलेक्टर संजय कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने सभी कार्यालय प्रमुखों को कार्यक्रम की तैयारियां शासन द्वारा जारी गाईड लाईन के हिसाब से करने के निर्देश देकर विभागवार जिम्मेदारी सौंपी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अतेंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर एके चांदिल सहित सभी कार्यालय प्रमुख उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहाकि सभी कार्यालय प्रमुख अपने-अपने कार्यालय में अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ झण्ड़ा वंदन करें। राष्ट्रीय ध्वज साफ-सुथरा एवं पूरी गरिमा तथा सम्मान के साथ फहराया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की जिम्मेदारियों सौंपी जा रही है वह सभी अपनी जिम्मेदारियों को कर्तव्य निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निभाएं और तैयारियां शुरू कर दें।

साथ ही प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 एवं 15 अगस्त की रात्रि को शासकीय भवनों पर रोशनी होगी। उन्होंने कहाकि स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने वाले सेनानियों को घर-घर जाकर शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम प्रतिवर्ष की भांति पुलिस लाईन ग्राउंड दतिया में आयोजित किया जाएगा। आयोजन में किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे।

कार्यक्रम में आने वाले मुख्य अतिथि तथा व्हीआईपी व गणमान्यजन, पत्रकार के लिए अलग-अलग बैठक की व्यवस्था रहेगी। साथ ही वहां तख्ती भी लगाई जाएगी। व्यवस्थाओं के लिए नगर पालिका, बिजली विभाग, पीएचई, शिक्षा, पुलिस विभाग आदि को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter