Bhopal News : भोपाल । राज्य सरकार ने गरीब, युवा, अन्नदाता (किसान), और नारी सशक्तिकरण के लिए 4 मिशन लॉन्च किए हैं। हितग्राहियों को कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधा लाभ दिया जा रहा है। युवाओं को रोजगार, लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता, गरीब जरूरतमंदों के नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था है।
जनजातीय क्षेत्रों सहित प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं का जाल बिछाया है। हमारा लक्ष्य प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाकर प्रदेश के सिंचित रकबे को 55 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 1 लाख हेक्टेयर करना है। इसके लिए केन-बेतवा लिंक और पार्वती-चंबल-कालीसिंध लिंक परियोजनाओं की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा कि धार को पीएम मित्र पार्क की सौगात केन्द्र से मिली है। यहां 2100 करोड़ से औद्योगिक पार्क आकार लेगा और लगभग 3 लाख रोजगार सृजित होंगे। धार अंचल के किसान कपास की खेती करेंगे तो उन्हें भी अधिक लाभ होगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह बात बुधवार को धार के उमरबन में आयोजित सामूहिक विवाह एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्री सुमेर सिंह सोलंकी, विधायक श्री हीरालाल अलावा, विधायक श्री कालू सिंह ठाकुर ,श्रीमती रंजना बघेल, श्री चंचल पाटीदार, श्री सरदार सिंह सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।
27 हजार से अधिक संबल हितग्राहियों को 600 करोड़ रूपए अंतरित : मुख्यमंत्री यादव ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना में प्रदेश के 27 हजार से अधिक संबल हितग्राहियों को 600 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संबल योजना से जुड़ने वाले सभी परिवारों को मुश्किल समय में सहायता प्रदान करती है। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड योजना का भी लाभ मिल रहा है। हितग्राहियों का 5 लाख रुपए तक का इलाज फ्री है।
हमारी सरकार ने सभी आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए निशुल्क एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की है। गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में संकट या कोई कष्ट आएगा तो सरकार हर संभव सहायता करेगी। लाड़ली बहनों के खातों में भी हर महीने 1250 रुपए आते रहेंगे।
1870 करोड़ लागत की धार माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का किया भूमि-पूजन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1870 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली धार माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना एवं धार जिले के लिए 277 करोड़ के लागत से विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।
उन्होंने प्रदेश के 85 लाख से अधिक किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त के रूप में 1704.94 करोड़ रुपए की राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में नदी जोड़ो परियोजनाओं के कार्य प्रदेश में समृद्धि लाएंगे। प्रदेश का सिंचाई रकबा 55 लाख हेक्टेयर हो चुका है, अब इसे 1 लाख करोड़ हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है। उमरबन के 1 लाख 3 हजार किसानों को भी नई सिंचाई परियोजना का लाभ मिलेगा।