पार्षद की दिनदहाड़े हत्या से सनसनी : गोलीबारी के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका , मंदिर से लौटते समय बदमाशों ने किया हमला, 6 नामजद आरोपियों पर केस !

दतिया : शहर में मंगलवार सुबह हुई भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। यह वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र के सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर मंगलवार सुबह हुई । बताया जा रहा है कि पार्षद मंदिर से लौटकर अपने दैनिक कार्यक्रम के तहत चौराहे पर पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोली लगते ही पार्षद जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही क्षणों में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।

घटनास्थल पर हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज : मृतक के भाई शेरू कुशवाहा की शिकायत पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज किया है। जिन आरोपियों को नामजद किया गया है, उनमें—

1. गोलू कुशवाहा (दानाल का बाग)
2. सुधीर कुशवाहा (हरदौल का मोहल्ला)
3. पंकज उर्फ छोटू कुशवाहा (राधासागर)
4. उमेश कुशवाहा (सेवढ़ा चुंगी)
5. साहब सिंह यादव (सिरौल)
6. प्रवीण वाल्मीकि (रिछरा फाटक)

पुलिस इन सभी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

दो आरोपियों के सरेंडर की चर्चा : सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी पंकज उर्फ छोटू कुशवाहा और सुधीर कुशवाहा द्वारा सरेंडर किए जाने की खबर सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई की आशंका : प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी दुश्मनी और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि यह वारदात किसी पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकती है।

हाल ही में जेल से बाहर आए थे पार्षद : जानकारी के अनुसार, कल्लू कुशवाहा हाल ही में एक पुराने आपराधिक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए थे। इससे पहले उन्हें एक हत्या प्रकरण में सजा भी सुनाई जा चुकी थी, जिसे उन्होंने उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी।

नगर पालिका की बैठक स्थगित, श्रद्धांजलि अर्पित : घटना के बाद नगर पालिका की प्रस्तावित बजट बैठक को स्थगित कर दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter