ग्वालियर में 13 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण , केन्द्रीय मंत्री तोमर बोले- जब गाँव-गरीब आगे बढ़ेंगे तभी देश आगे बढ़ेगा

 ग्वालियर : केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री  नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर जिले के पारसेन ग्राम में विकास यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने 13 करोड़ 34 लाख रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। विकास कार्यों में मालनपुर-बेहट मार्ग में वैशली नदी पर 7 करोड़ रूपये का पुल, पारसेन से आरोली तक 3 करोड़ 89 लाख लागत की सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री  तोमर ने कहा कि गाँव और गरीब आगे बढ़ेंगे, तो देश भी आगे बढ़ेगा। इसी सोच के साथ केन्द्र और राज्य सरकार काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 18 वर्ष में ग्वालियर जिले में विकास के नये आयाम स्थापित हुए हैं। सड़कों का निर्माण, सिंचाई परियोजना में नहरों का निर्माण कार्य सहित अनेक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर जरूरतमंद गरीब को पक्का घर और उज्ज्वला योजना में गैस कनेक्शन दिया है। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के अनेक कार्य कर रही है।

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री  सिंधिया ने कहा कि समग्र और समावेशी विकास के लक्ष्य को लेकर केन्द्र सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। पूरी दुनिया में भारत का सम्मान भी बढ़ा है।

कोरोना संकट में भारत ने दुनिया के 100 देशों को कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति की है। वर्तमान में शक्तिशाली भारत के निर्माण के साथ आर्थिक रूप से सशक्त भारत का भी निर्माण हो रहा है। केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया ने कहा कि कभी भारत पर राज करने वाले ब्रिटेन को छटवें नम्बर पर धकेल कर प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की 5वीं अर्थ-व्यवस्था वाला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 के बाद ऐतिहासिक विकास हुआ है। राज्य में सिंचाई का रकबा बढ़ कर कई गुना हो गया है।

उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि सरकार गरीबों के जीवन में बदलाव लाने के लिये पूरी शिद्दत के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री  के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास को लेकर गाँव-गाँव विकास यात्राएँ निकाली जा रही हैं। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री  तोमर और  सिंधिया का ग्वालियर जिले में विकास कार्यों में सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया और भविष्य में सहयोग करने की अपेक्षा व्यक्त की। विकास यात्रा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन,

भू-अधिकार-पत्र, लाड़ली लक्ष्मी स्वीकृति-पत्र, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, आयुष्मान और संबल कार्ड सहित अन्य योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को स्वीकृति-पत्र वितरित किये गये। पारसेन में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव, जनपद पंचायत अध्यक्ष  दिलराज सिंह किरार, पूर्व विधायक  रामबरन सिंह गुर्जर, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष  महेन्द्र सिंह यादव सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter