मध्यप्रदेश के नीमच में आकार ले रही देश की सबसे बड़ी ‘पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज’ परियोजना: ₹11,500 करोड़ के निवेश से 1,920 मेगावाट का ग्रीन एनर्जी हब

भोपाल/नीमच। हरित ऊर्जा भंडारण और ग्रिड स्थिरता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है। नीमच जिले की रामपुरा तहसील अंतर्गत खेमला ब्लॉक में ग्रीनको ग्रुप द्वारा 11,500 करोड़ रुपये के भारी निवेश से 1,920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली ‘गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना’ विकसित की जा रही है। करीब 414 हेक्टेयर भूमि पर निर्माणाधीन यह देश की सबसे बड़ी स्वतंत्र पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। इसके पूर्ण होने पर पीक आवर्स (अधिकतम मांग के समय) के दौरान 1,920 मेगावाट की पूर्ण क्षमता पर लगातार 6 घंटे तक निर्बाध बिजली उत्पादन किया जा सकेगा।

प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीनिवास के अनुसार, परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। दिसंबर 2026 में टर्बाइनों के पहले सेट का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जबकि जून 2027 तक संपूर्ण परियोजना का वाणिज्यिक संचालन (कमर्शियल ऑपरेशंस) प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कैसे काम करेगी यह तकनीक? (जीरो वाटर वेस्टेज और 80% दक्षता) : यह परियोजना चक्रीय जल उपयोग (Non-Consumptive) प्रणाली पर आधारित है, जिसमें पानी की बर्बादी बिल्कुल नहीं होगी:

  • दो जलाशयों का संयोजन: इसमें निचले जलाशय के रूप में मौजूदा गांधीसागर जलाशय (कुल क्षमता लगभग 270 TMC) का उपयोग किया जाएगा, जबकि ऊपरी जलाशय का निर्माण ग्रीनको द्वारा किया गया है। केवल 2.4 TMC पानी को बार-बार चक्रीय रूप से इस्तेमाल किया जाएगा।

  • पंपिंग और टरबाइन मोड: दिन या रात के समय ग्रिड में उपलब्ध अतिरिक्त सौर व पवन ऊर्जा का उपयोग कर निचले जलाशय से पानी को पंप करके ऊपरी जलाशय में संग्रहित किया जाएगा। शाम या सुबह जब बिजली की मांग (पीक आवर्स) सर्वाधिक होगी, तब ऊपरी जलाशय से 122 मीटर के रेटेड हेड से पानी नीचे छोड़ा जाएगा, जिससे 9 आधुनिक रिवर्सिबल टरबाइन घूमकर स्वच्छ बिजली पैदा करेंगे।

  • वार्षिक उत्पादन और ग्रिड कनेक्टिविटी: परियोजना की राउंड-ट्रिप दक्षता लगभग 80 प्रतिशत रहेगी और इससे सालाना 3,580 मिलियन यूनिट (MU) बिजली का उत्पादन होगा। बिजली निकासी के लिए इसे 60 किमी दूर मंदसौर स्थित 765/400kV पीजीसीआईएल सब-स्टेशन से जोड़ा गया है।

डिस्कॉम्स को सस्ती बिजली और स्थानीय युवाओं को रोजगार

  • वित्तीय बचत: उत्पन्न बिजली एनटीपीसी, एसईसीआई और मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों की बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम्स) को दीर्घकालिक समझौते (PPA) के तहत दी जाएगी, जिससे महंगे पीक-टैरिफ से राहत मिलेगी।

  • रोजगार सृजन: निर्माण चरण के दौरान लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिला है, वहीं संचालन और रखरखाव चरण में लगभग 200 स्थायी रोजगार सृजित होंगे, जिसमें मध्यप्रदेश के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

गांधी सागर बना बहुउद्देशीय विकास का केंद्र: चीता प्रोजेक्ट से लेकर पर्यटन तक : चंबल नदी पर निर्मित गांधी सागर जलाशय आज केवल ऊर्जा उत्पादन ही नहीं, बल्कि पूरे अंचल के सामाजिक-आर्थिक और पर्यावरणीय विकास का प्रमुख केंद्र बन चुका है:

  • चीता अभयारण्य और जैव-विविधता: कूनो नेशनल पार्क के बाद गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य को चीतों के दूसरे प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही यह गिद्धों और चंबल के मगरमच्छों के संरक्षण का प्रमुख केंद्र है।

  • पेयजल और सूक्ष्म सिंचाई: जल जीवन मिशन के तहत गांधी सागर समूह जल प्रदाय योजना से मंदसौर-नीमच के ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल और ड्रिप-स्प्रिंकलर तकनीक से सिंचाई सुविधा पहुंचाई जा रही है।

  • पर्यटन और धरोहर संरक्षण: हिंगलाजगढ़ किले के जीर्णोद्धार, चतुर्भुज नाथ नाला के प्रागैतिहासिक शैलचित्रों के संरक्षण तथा ‘गांधी सागर फ्लोटिंग फेस्टिवल’ व टेंट सिटी के माध्यम से स्थानीय युवाओं को हॉस्पिटैलिटी और एडवेंचर टूरिज्म में रोजगार मिल रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!