Datia News : दतिया। जिला न्यायालय में पदस्थ चपरासी ने अज्ञात कारणों के चलते खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। स्वजन गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को ग्वालियर रैफर कर दिया।
घटना बुधवार देर रात की बताई जाती है। जानकारी के अनुसार शहर के स्थानीय गौडबाबा कालौनी निवासी रमेश रायकवार दतिया न्यायालय में चपरासी के पद पर पदस्थ है। जिसने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।

पिता को आग से झुलसते देख उनकी 11 साल की बेटी मोहिनी ने शोर शराबा कर स्वजन को बुला लिया। जिन्होंने किसी तरह आग बुझाई और रमेश को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर रैफर कर दिया। आग लगाने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
18 साल से फरार डकैत गैंग का सदस्य रहा प्रभु जाटव गिरफ्तार

18 साल से फरार 10 हजार का इनामी फरारी बदमाश सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना प्रभारी सिविल लाइन भूमिका दुबे और पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर वर्ष 2004 से डकैत कमल सिंह रावत गैंग का सक्रिय सदस्य रहा प्रभु जाटव पुत्र मुंदे जाटव निवासी लमकाना जिला शिवपुरी हाल थाना बड़ौनी जिला दतिया काे गिरफ्तार किया गया।
आरोपित अपना नाम बदलकर झांसी में रह रहा था। लहर गिर्द झांसी में रामस्वरूप अहिरवार की मकान के पास से आरोपित की गिरफ्तारी हुई। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपित पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक थाना प्रभारी भूमिका दुबे, एएसआई मानसिंह, एचसी राजेंद्र सिंह, सतीश सिंह, जितेंद्र सिंह की भूमिका रही।