Covid 19 : छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कोरोना अब ढलान पर, संक्रमण की रफ्तार हुई धीमी, मौत का आंकड़ा भी घटा

रायपुर : छत्तीसगढ़ के धुर दक्षिण में बसे सुकमा जिले के कोंटा ब्लाक की 44 पंचायतें ऐसी हैं, जिन्हें कोरोना की दूसरी लहर छू भी नहीं पाई है। वनांचल में बसे इस इलाके के आदिवासियों की जागरूकता शहर के लोगों के लिए मिसाल बन रही है । आंध्रप्रदेश और तेलंगाना की सीमा से सटे कोंटा ब्लाक में कुल 61 पंचायतें हैं।

17 पंचायतों में कोरोना के इक्का-दुक्का मामले सामने आए, पर उन्हें बढ़ने नहीं दिया गया। इस ब्लाक के अंतर्गत कुल 250 गांव हैं। सभी गांव नक्सल प्रभावित हैं और अधिकांश पहुंच विहीन भी हैं। कोंटा ब्लाक के इन गांवों में सड़क, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाएं नहीं हैं।

नदी-नाला पार कर आदिवासी पैदल ही चलते हैं। ऐसे इलाके में आदिवासियों की पहल पर 45 साल से ऊपर के सभी 16 हजार 630 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। प्रशासन ने बाद में लाकडाउन जैसे उपाय अपनाए, इधर ग्रामीणों ने कोरोना की दूसरी लहर की सूचना मिलते ही सरपंच, पटेल गांव के अन्य प्रमुख लोगों की बैठक बुलाई और अपने-अपने गांवों में आने-जाने के सभी रास्ते ब्लाक कर दिए। सीमाओं पर पहरेदार बिठा दिए गए।

इस दौरान कोई भी सामाजिक, वैवाहिक या अन्य आयोजन नहीं होने दिया। कोरोना का खतरनाक आंध्र वैरिएंट इसी रास्ते से आ सकता है, पर आदिवासी सतर्क हैं। बुर्कलंका इस ब्लाक का सबसे बड़ा साप्ताहिक बाजार है। इसे बंद कराने के लिए प्रशासन के आदेश की जरूरत नहीं पड़ी। यहां से सीमा के पार आंध्र प्रदेश और ओडिशा में मजदूरी करने लोग जाते हैं। गांवों में नाकेबंदी के बाद जो मजदूर लौटे उन्हें गांव के बाहर आइसोलेशन में भेज दिया। मेडिकल टीम को बुलाकर चेकअप कराया गया फिर गांव में प्रवेश की अनुमति दी गई। इस जागरूकता का कमाल यह रहा कि कोरोना की दूसरी लहर वनांचल से दूर रही।

पहुंच विहीन गांवों में पहुंची वैक्सीन : अति पिछड़े कोंटा ब्लाक के दर्जनों गांव पहुंच विहीन हैं। कुछ रास्ते बाइक पर और बाकी नदी-नाला पहाड़, जंगल पारकर पैदल इन गावों तक पहुंचा जा सकता है। इसके बावजूद ग्रामीणों ने पहल की तो कोरोना की वैक्सीन यहां पहुंच गई। टीकाकरण और कोरोना जांच का काम साथ चल रहा है। कोरोना का लक्षण दिखाई देते ही संबंधित को कोविड सेंटर में आइसोलेट कर उपचार किया जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!