नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ जंग लड़ते हुए हमें एक साल का वक्त हो चुका है, इस दौर में हमने सफलता के कई कीर्तिमान रचे, लेकिन समझने की बात ये है कि ये दौर अभी गुज़रा नहीं है और जंग जारी है। ये इससे भी पता चलता है कि अभी भी कई राज्यों में संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
भारत में कोरोना के कुल सक्रिय मामले रविवार सुबह तक लगभग 2 लाख 10 हज़ार वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 25 हज़ार नये मामले दर्ज किये गए। चिंता की बात ये है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के सामने आये नये मामलों में से 87.73 प्रतिशत नए मामले महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश में दर्ज किये गए हैं।
चिंता की सबसे बड़ी ख़बर महाराष्ट्र से आ रही हैं, जहां दैनिक आधार पर पिछले 24 घंटों में देश भर में सबसे अधिक 15,602 नये मामले दर्ज किये गये हैं। जबकि 7,467 नए ठीक होने वाले मामलों की भी ख़बर है। रविवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने होटल संघ, शॉपिंग सेंटर संघों के साथ बैठक की साथ ही कहा कि कुछ होटल, मॉल्स और रेस्टोरेंट राज्य में है ऐसे हैं जो कोविड प्रोटोकॉल का पालन पूरी तरह नहीं कर रहे हैं, ज़रूरत है कि सारे लोग सावधानियों को लेकर सतर्क रहें।
सिर्फ मुंबई में शनिवार को 1,708 नए मामले सामने आए, जो पिछले चार महीनों में सबसे ज्यादा है। वहीं, महाराष्ट्र में बढ़ते मामलों को देखते हुए नागपुर में 15 से 21 मार्च तक लॉकडाउन की घोषणा तो पहले ही हो चुकी थी।
वहीं अब अकोला में भी 15 मार्च की सुबह तक लॉकडाउन लगाया गया है। इसी के साथ औरंगाबाद जिले में भी पूर्ण लॉकडाउन की ख़बर है। जबकि पुणे और परभणी में लॉकडाउन की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। साथ ही नासिक में भी आंशिक लॉकडाउन की घोषणा की गई है।
महाराष्ट्र केरल के साथ पंजाब भी नए मामलों को लेकर शीर्ष राज्यों में शुमार है, जहां पिछले 24 घंटों में पंद्रह सौ के करीब मामले सामने आए हैं। वहीं, राहत की बात है कि 14 राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से किसी भी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं मिली है।
भारत की समग्र रिकवरी दर 96.75 प्रतिशत तक पहुंच गई है, वहीं, पिछले 24 घंटों में 16,637 लोग ठीक हुए है।
मध्य प्रदेश में भी लगातार बढ़ते मामलों ने चिंताएं बढ़ाई हैं, जहां पिछले चौबीस घंटों में क़रीब 700 मामले सामने आए हैं, आगे की तैयारियों को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन से मिले।
पिछले 24 घंटे के आंकड़े बताते हैं कि भारत ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए, 15 लाख से ज्यादा लोगों को कोविड टीके की डोज़ दी गई। इसमें पहली खुराक लेने वाले लोगों की संख्या क़रीब सवा 12 लाख रही तो दूसरी खुराक वालों की संख्या करीब 3 लाख से ज्यादा रही।
कोरोना टीकाकरण अभियान में ये उपलब्धि टीकाकरण के 57वें दिन मिली।
ध्यान देने वाली बात ये है कि पिछले 24 घंटों के टीकाकरण के इन आंकड़ों में स्वास्थ्यकर्मीयों, फ्रंटलाइन वर्कर्स के अलावा करीब 9 लाख (8,95,291) वो लोग भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 60 साल से अधिक है। साथ ही, दो लाख लाख (1,85,624) वैसे लोग भी हैं, जो 45 से 60 साल के हैं, और किसी न किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं।
इस तरह अब तक देश में कुल मिलाकर 3 करोड़ लोगों को (2,97,38,409) वैक्सींन के डोज लोगों को दिए जा चुके हैं। जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु वाले करीब 82 लाख लाभार्थियों को दी गई डोज शामिल हैं, जिन्हें पहली खुराक मिली है।
एक साल से ज्यादा का कोरोना-काल अपने दूसरे दौर में दिख रहा है, जहां एक तरफ तो टीकाकरण का वार कोरोना पर जारी है तो वक्त की मांग ये भी है कि कोरोना-प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए।


