क्रिकेटर गौतम गंभीर अचानक पहुंचे दतिया : मां पीतांबरा के दरबार में की पूजा अर्चना, आरती भी ली

Datia news : दतिया। मशहूर क्रिकेटर और ईस्ट दिल्ली से भाजपा के सांसद गौतम गंभीर मंगलवार को अचानक दतिया पहुंचे। जहां उन्होंने पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगुलामुखी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पीठ स्थित वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया।

गंभीर पीठ पर काफी देर रुके। वह रात आठ बजे मां धूमावती की आरती में भी शामिल हुए। गंभीर ने इस दौरान पीठ की परंपरानुुसार पीला कुर्ता और धोती पहन रखी थी।

पीठ पहुंचने पर स्थानीय भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत भी किया। बता दें कि गौतम गंभीर पहले भी पीतांबरा पीठ आ चुके हैं। हाल ही में उनका अचानक दतिया पहुंचना चर्चाओं में हैं।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने दिल्ली की सात सीटों में से पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। दिल्ली की दो सीटों के लिए बीजेपी ने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।

जिन दो सीटों के लिए भाजपा उम्मीदवारों के नाम का ऐलान बाकी है उनमें क्रिकेटर से राजनेता बने गौतम गंभीर की सीट दिल्ली पूर्व और गायक हंसराज हंस की सीट नार्थ वेस्ट दिल्ली शामिल हैं। वहीं गौतम गंभीर भी पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा सार्वजनिक तौर पर बता चुके हैं।

जेपी नड्डा से दायित्व मुक्त करने का किया आग्रह : क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची आने से कुछ देर पहले ही अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट की थी। जिसमें उन्होंने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से अनुरोध किया था कि उन्हें राजनीतिक दायित्वों से मुक्त करें। जिससे वह अपनी क्रिकेट प्रतिबद्धताओं पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को टैग करते हुए जनसेवा का अवसर देने के लिए धन्यवाद भी दिया था। गौतम गंभीर की इस घोषणा को राजनीतिक गलियारों में टिकट कटने की चर्चा से जोड़कर देखा जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!