हाउसिंग बोर्ड कालौनी में बदमाशों ने की गोलीबारी : आसपास के लोगों में फैली दहशत, घटना के बाद भागे आरोपित

Datia news : दतिया। दतिया स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी में बदमाशों द्वारा हवाई फायर करने का मामला सामने आया है। इस दौरान बदमाश पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना के संबंध में चार लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

कालौनी में गोलीबारी की आवाज सुन आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान कुछ देर के लिए वहां सन्नाटा छा गया। इसके बाद कुछ लोगों ने हिम्मत कर घरों से बाहर निकलकर देखा तो तब तक बदमाश भाग चुके थे।

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र में पुरानी हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी फरियादी अभिषेक तिवारी पुत्र संजीव तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि इसके ऊपर चार बदमाशों ने हवाई फायर किए। जिससे वह बाल बाल बच गया।

मामले को लेकर कोतवाली पुलिस ने रजत यादव निवासी सिमथरा भांडेर, अजय यादव निवासी निरावल, राम यादव निवासी पाली, अरुण गौतम निवासी राजघाट कालोनी के विरुद्ध मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरु कर दी है। उक्त मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है।

इधर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की गई जान : ग्वालियर-झांसी हाइवे पर राजघाट कालोनी के पास बाइक सवार दंपत्ति को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से बाइक पर बैठी महिला वाहन से उछलकर दूर जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला। आसपास के लोगों ने घटना की खबर पुलिस तक पहुंचाई। दंपत्ति बाइक पर सवार होकर एक शादी समारोह में शामिल होने झांसी उप्र जा रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।

जानकारी के मुताबिक ग्राम एरई निवासी रामसिंह अहिरवार अपनी पत्नी अहिल्या के साथ झांसी जा रहे थे। रास्ते में राजघाट कालोनी तिराहे के पास हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों पति पत्नी वाहन से उछलकर दूर जा गिरी। इस हादसे में

महिला की मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोगों ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पति रामसिंह का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

मौके पर मौजूद लोगाें ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला कायम कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक की तलाश शुरु कर दी है। मृतका के परिवार में इस घटना से शोक का माहौल है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter