बिजली का तार टूटकर गिरने से खेत में फैला करंट, तीन दुधारू पशुओं की मौत, मौके पर देर शाम तक नहीं पहुंचे अधिकारी

Datia News : दतिया ।  हाइवे रोड पर िस्थत ग्राम सीतापुर में बिजली का करंट फैलने से तीन दुधारू मवेशियों की जान चली गई। हादसा एक खेत में बिजली का तार टूटकर गिरने के कारण हुआ। जिसकी चपेट में आने से मवेशियों की मौत हो गई। गनीमत तो यह रही कि उस समय खेत के आसपास कोई व्यक्ति नहीं था, वरना बड़ी घटना घटित हो जाती। मवेशियों को खेत में मृत देखकर ग्रामीणों में हडकंप मच गया। आसपास के लोगों ने जब पता लगाया तो जानकारी मिली की खेत में बिजली का तार टूटा पड़ा है, जिससे यह हादसा घटित हो गया।

जानकारी के मुताबिक सीतापुर निवासी पूरन बघेल की तीन भैंसें पडोस के खेत पर चरने गई थी। खेत में बिजली का तार टूटकर नीचे पड़ा था। लाइन चालू होने के कारण उससे खेत में करंट फैल रहा था। इसी दौरान घास चरते हुए तीनों भैंसें करंट की चपेट में आ गई। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को दी। लेकिन काफी देर बाद भी राजस्व विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

घटना को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली कंपनी द्वारा लाइन मेंटनेंस नहीं किए जाने से खेतों में तार काफी नीचे तक लटक रहे हैं। जो तेज हवा चलने के कारण किसानों के खेतों में गिरकर टूट जाते हैं। इससे पूर्व भी बिजली के तार टूटकर खेतों में गिर चुके हैं। जिसकी शिकायत कई बार बिजली कंपनी के अधिकारियों से की गई। लेकिन इस ओर गंभीरता से कोई प्रयास नहीं किया। जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हादसे घटित हो रहे हैं। मवेशियों की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश हैं। वहीं मवेशी मालिक को सरकारी सहायता दिलाए जाने की मांग भी की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!