साइबर ठगों ने दुकानदार को झांसा देकर लाखों की राशि ठगी : क्यूआर कोड के माध्यम से खाता कर डाला खाली

Datia news : दतिया। फोन पे के क्यूआर कोड से ठगों ने एक दुकानदार का बैंक खाता खाली कर दिया। ठगों ने इस दौरान साइबर ठगी करते हुए दुकानदार व उसके दोस्त के खाते से दो लाख से ज्यादा की राशि पार कर दी। ठगों ने दुकानदार को अपनी गाड़ी के एक्सीडेंट होने की कहानी सुनाकर इस घटना को अंजाम दिया। जिसे लेकर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

हनुमान चौराहा सेवढ़ा निवासी दुकानदार शिवम गुप्ता को तीन युवकों ने मनगढ़ंत कहानी सुनाकर 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। घटना गत 28 जून की बताई जाती है। तीन युवक फोर व्हीलर से शिवम की दुकान पर पहुंचे थे।

उन्होंने उसे बताया कि मंगरौल में उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है, गांव वालों ने गाड़ी रोक ली है। उनकी मां भी वहीं है। गांव वाले एक लाख रुपये मांग रहे हैं। लेकिन बात 80 हजार में तय हो गई है। हमारे पास कैश नहीं है, आप मदद कर दो। हम आपको फोन-पे से पैसे भेज देंगे।

शिवम ने मानवता दिखाते हुए अपना क्यूआर कोड दिया। युवकों ने उस पर 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिवम ने खाता चेक किया। फिर 80 हजार रुपये कैश गिनकर उन्हें दे दिए।

इस दौरान शिवम ने वीडियो भी बनाया और गाड़ी की फोटो भी खींची। पैसे देने के बाद शिवम ने 80 हजार रुपये अपने परिचित कृष्णकांत खांगट के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

दोनों के खाते से बाद में पैसे माइनस हो गए। शिवम के खाते से 78 हजार 721 रुपये और कृष्णकांत के खाते से 60 हजार रुपये कट गए। कुल मिलाकर दोनों के साथ करीब सवा दो लाख रुपये की ठगी हो गई।

इस बात का पता शिवम को छह जुलाई को तब लगा जब बैंक जाकर उन्होंने जानकारी ली तो बतया गया कि उनके खाते पर होल्ड लगा है। ठगी का शक हाेने पर उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। शिकायत क्रमांक पी25186009389 है। वहीं ठगों की गाड़ी का नंबर यूपी80डीके3033 बताया गया है।

शिवम ने सेवढ़ा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से सेवढ़ा के दुकानदार हैरान हैं। उनका कहना है कि फोन पे से लेन-देन जरुरी है, लेकिन अब साइबर ठगी का खतरा भी बढ़ गया है। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!