दामोदर के बयान ने कांग्रेस नेताओं को चौंकाया : दिग्विजय सिंह को दतिया से चुनाव लड़ने का दिया न्यौता, बोले मनोबल बढ़ेगा

Datia news : दतिया । विधानसभा चुनाव आते ही दतिया में राजनीतिक खेला भी गरमाने लगा है। दतिया सीट से इस बार भी जहां भाजपा से गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा का मैदान में उतरेंगे, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर रोज नई अटकलें जोर पकड़ रही है। सोमवार को कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष और पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के नेता दामोदर सिंह के एक बयान ने दतिया सीट से टिकिट की चाह रखने वाले कांग्रेसी नेताओं को तगड़ा झटका दे दिया।

दामोदर सिंह ने दतिया सीट से इस बार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को ही चुनाव लड़ने का न्यौता दे डाला। उनका कहना है कि इस बारे में उन्होंने कांग्रेस के सभी राष्ट्रीय स्तर के नेताओं सहित प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को भी पत्र लिखा है। जिसमें इस बार दिग्विजय सिंह को दतिया सीट से उतरे जाने की बात कही है।

अपनी इस मांग को लेकर दामोदर का तर्क है कि दतिया में कांग्रेसियों पर जब भी कोई संकट आया तब दिग्विजय सिंह मदद के लिए स्वयं आकर खड़े हुए, उन्हें दतिया की जनता की चिंता भी रहती है। ऐसे में एक कद्दावर नेता कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ेगा तो जिले की तीनों सीटों पर असर पड़ेगा और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

इधर कांग्रेसी ही इस बयान पर दबी जुबान में कहने लगे हैं कि कांग्रेस के कई बड़े आयोजनों में दिग्गी के पोस्टर लगाने से भी पार्टी परहेज दिखा रही है, ऐसे में दतिया सीट से उन्हें उतारने की बात करना कितनी सही है यह तो वक्त ही बताएगा।

बयान के बाद कांग्रेसी सकते में : इधर दतिया विधानसभा सीट से दावेदारी ठोक रहे बड़े कांग्रेसी नेता भी, दामोदर सिंह के इस बयान से सकते में आ गए हैं। कुछ का कहना है कि दामोदर सिंह अपना खुद का टिकट भी फाइनल न हो पाने के कारण इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।

बता दें कि दामोदर सिंह कई मौकों पर खुद सेवढ़ा से चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं। एक बार तो उन्होंने कांग्रेस का टिकट अपनी जेब में होने तक का बयान दे दिया था।

लेकिन वर्तमान हालात बताते हैं कि सेवढ़ा सीट से कांग्रेस का समीकरण इस बार फिर वर्तमान विधायक को ही मैदान में उतारने का संकेत दे रहा है। ऐसे में कयास है कि दामोदर का दामन इस बार भी कहीं खाली न रह जाएं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter