दतिया उपचुनाव : नामांकन के अंतिम दिन भाजपा-कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दोनों दलों ने भरे नामांकन; दिग्गज नेताओं ने संभाला मोर्चा

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को जिले की राजनीति पूरी तरह चुनावी रंग में रंगी रही। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराया। इस दौरान दोनों दलों ने विशाल आमसभाएं आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया, जिसमें प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

कांग्रेस ने घनश्याम सिंह का कराया नामांकन : कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले आयोजित आमसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक फूल सिंह बरैया, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकालते हुए न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी की।

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी भरा पर्चा : दोपहर बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तथा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद किला चौक पर आयोजित जनसभा में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री बोले- आशुतोष को जिताना हम सबकी जिम्मेदारी : जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आशुतोष तिवारी भाजपा परिवार के छोटे भाई हैं और उन्हें विधानसभा तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दतिया के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

नरोत्तम मिश्रा हुए भावुक, कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील : पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मंच से भावुक संबोधन देते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें हमेशा सम्मान दिया है और अब वे पूरी ताकत से आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने नाराज़ कार्यकर्ताओं से भी एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की। साथ ही कांग्रेस पर राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जा रही है।

दोनों दलों ने दिखाया संगठन का दम : नामांकन दिवस पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। शहर के प्रमुख मार्गों पर रैलियां, जुलूस और सभाओं के चलते पूरे दिन चुनावी माहौल बना रहा। प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए थे।

अब त्रिकोणीय मुकाबले की तस्वीर साफ : दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब मुकाबला पूरी तरह स्पष्ट हो गया है। भाजपा ने आशुतोष तिवारी, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने दामोदर यादव को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी दल चुनाव प्रचार को और तेज करेंगे तथा मतदाताओं तक पहुंचने के लिए सभाओं और जनसंपर्क अभियानों का दौर तेज होने की संभावना है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!