दतिया उपचुनाव : भाजपा ने चुनाव प्रचार को दी नई धार, चुनावी कार्यालय, मीडिया सेंटर और सोशल मीडिया वार रूम का शुभारंभ !

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अब चुनावी अभियान को पूरी तरह गति दे दी है। शुक्रवार को भाजपा ने शहर में चुनावी कार्यालय, मीडिया सेंटर और सोशल मीडिया सेंटर का शुभारंभ कर चुनाव प्रचार को नई धार दी। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से संवाद करते हुए बूथ स्तर से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक संगठन को सक्रिय रखने का संदेश दिया।

चुनावी कार्यालय के शुभारंभ के साथ अभियान हुआ तेज : भाजपा ने होटल रतन रॉयल इन में विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं, संगठन की नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाए।

मीडिया सेंटर और सोशल मीडिया वार रूम का शुभारंभ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने विधानसभा उपचुनाव के लिए स्थापित मीडिया सेंटर एवं सोशल मीडिया सेंटर का भी शुभारंभ किया। शुभारंभ के बाद आयोजित पहली आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग में पत्रकारों से संवाद करते हुए नेताओं ने पार्टी की चुनावी रणनीति, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास के संकल्प और चुनावी दृष्टिकोण को विस्तार से रखा।

इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक सुयश त्यागी, सह मीडिया प्रभारी ब्रजगोपाल लोया, राजलखन सिंह सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

डिजिटल प्रचार पर रहेगा विशेष फोकस : भाजपा ने दतिया उपचुनाव में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स मीट का भी आयोजन किया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने डिजिटल क्रिएटर्स एवं सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रभावी डिजिटल जनसंपर्क, सकारात्मक संवाद और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया लोकतांत्रिक संवाद का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। ऐसे में तथ्यपरक, सकारात्मक और जनहित से जुड़े विषयों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी डिजिटल कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी : भाजपा के चुनावी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय संगठन सह मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री राकेश शुक्ला, प्रभारी मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना, सांसद भारत कुशवाहा, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

निर्णायक दौर में पहुंचा दतिया उपचुनाव : नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दतिया विधानसभा उपचुनाव पूरी तरह प्रचार अभियान के केंद्र में आ गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और डिजिटल माध्यमों के जरिए मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले जिले का चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!