दतिया उपचुनाव : डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी खरीदा नामांकन पत्र, अब तक 9 दावेदारों ने खरीदे फॉर्म; किसी ने नहीं किया नामांकन दाखिल

दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी नामांकन पत्र खरीद लिया। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं।

तीसरे दिन चार और नामांकन पत्र खरीदे गए : बुधवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा के अलावा बालकिशन विश्वकर्मा (छतरपुर), वेदराम कुर्मी (दमोह) और हंसमुखी लोधी ने भी नामांकन पत्र प्राप्त किए। इसके साथ ही तीन दिनों में कुल 9 नामांकन पत्र जारी किए जा चुके हैं। हालांकि, अब तक किसी भी दावेदार ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है।

पहले दो दिनों में भी कई नेताओं ने लिए थे फॉर्म : नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन आजाद समाज पार्टी से जुड़े दामोदर यादव और केशव यादव ने नामांकन पत्र खरीदे थे। वहीं दूसरे दिन कांग्रेस नेता अवधेश नायक, हरदास बघेल और रामसिंह बघेल ने भी फॉर्म लिया था। इसके बाद अब तीसरे दिन भाजपा खेमे से डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम सामने आने से चुनावी चर्चाओं को और बल मिला है।

उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार : प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं। ऐसे में नामांकन पत्र खरीदने वाले नेताओं को संभावित दावेदारों के रूप में देखा जा रहा है। अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

नामांकन प्रक्रिया पर टिकीं राजनीतिक नजरें : दतिया विधानसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया जारी है और अब सभी की निगाहें भाजपा एवं कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार सूची पर टिकी हुई हैं। प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद चुनावी प्रचार और राजनीतिक गतिविधियों के और तेज होने की संभावना है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter