तिरंगामय हुआ दतिया शहर : 7 किमी लंबी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए 15 हजार लोग, गृहमंत्री ने लहराया तिरंगा, इंदरगढ़ में तिरंगा रैली निकली

Datia News : दतिया ।  कृषि उपज मंडी से शनिवार सुबह 11 बजे शुरू हुई तिरंगा यात्रा में काफी संख्या में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राएं, पुलिस के जवान, एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राएं, नर्सिंग कालेज, कोटवार आदि की टुकडियां एवं छात्र-छात्राएं रंग बिरंगी ड्रेसों में तिरंगा थामकर चल रहे थे। इस दौरान राष्ट्रभक्ति के गगन भेदी नारों के साथ वंदेमातरम् से शहर की सड़कें गूंजयमान हो उठी। प्रत्येक टुकड़ी के आगे डीजे एवं बैंडबाजे भी राष्ट्रधुन एवं राष्ट्रीय गीत बजाते चल रहे थे।

हर-घर तिरंगा अभियान के तहत शनिवार को दतिया में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। कृषि उपज मंडी प्रांगण दतिया से शुरू हुई तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने किया। इसके बाद गृहमंत्री डा. मिश्रा, कलेक्टर संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक अमनसिंह राठौड सहित अन्य जनप्रतिनिधि खुले वाहन में तिरंगा लहराते हुए निकले।

तिरंगा यात्रा नगर के मुख्य मार्गो से होते हुए ठंड़ी सड़क पर जाकर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा में शहरवासी व स्कूली बच्चे तालियां बजाकर एवं देश भक्ति नारे लगाते हुए निकले। तिरंगा यात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत हुआ।

Banner Ad

7 किलोमीटर लम्बी तिरंगा यात्रा में लगभग 15 हजार से अधिक लोगों ने बढ़चढ़कर उत्साह से भाग लिया। मंडी प्रांगण से शुरू हुई तिरंगा यात्रा इतनी लंबी थी कि काफी देर तक सड़क पर सिर्फ तिरंगा लिए लाेग ही निकलते नजर आते रहे।

गृहमंत्री बोले आज राष्ट्र आराधना का दिन : तिरंगा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने उपस्थित लोगों का उत्साह वर्धन करते हुए कहाकि वह 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं। गृहमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहाकि आज अमर वीर सपूतों को नमन एवं याद करने का दिन है।

जिन्होंने देश को स्वतंत्र कराने में अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहाकि आज का दिन राष्ट्र की आराधना का भी दिन है। डा.मिश्रा ने कहाकि पूरा दतिया आज तिरंगा मय हो गया है। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से पूरा नगर राष्ट्रीय भक्तिभाव से पूर्ण हो गया है।

तिरंगा पगड़ी और वस्त्र रहे आकर्षण का केंद्र : तिरंगा यात्रा के दौरान वाहन पर बनाए गए तिरंगा रथ पर गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा, कलेक्टर संजय कुमार तिरंगा पगड़ी पहने हुए निकले। वहीं कलेक्टर संजय कुमार तिरंगा रंग की जेकिट धारण किए हुए थे। अधिकांश लोगों ने अपने गालों पर भी तिरंगा टेटू लगा रखा था।

तिरंगा रथ में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर, सीईओ जिला पंचायत कमलेश भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, योगेश सक्सेना आदि मौजूद रहे।

इंदरगढ़ में पूर्व विधायक अग्रवाल हुए तिरंगा यात्रा में शामिल : इंदरगढ़ में शनिवार को नगर परिषद कार्यालय से लेकर मुख्य बाजार बस स्टैंड होते हुए नगर के प्रमुख मार्गो मे तिरंगा रैली निकाली गई। जिसमें राष्ट्र प्रेम की भावना से ओतप्रोत नारे लगाए गए। तिरंगा रैली मे बड़ी संख्या में नगरवासियों के साथ पूर्व विधायक प्रदीप अग्रवाल भी तिरंगा लहराते हुए निकले।

इस मौके पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष गौरी रामस्वरूप मंडेलिया, पार्षद विनीता टिंकू राठौर, सुमित उपध्याय, सिम्मी चप्पू खां पठान, अखिलेश सेन, रवि चौरसिया, अनूप दांतरे, कमलेश खटीक, मंडल अध्यक्ष रामलखन गुर्जर सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। तिरंगा बाइक यात्रा भी सेवढ़ा व भांडेर से इंदरगढ़ पहुंची। जहां बाइक सवारों का स्वागत हुआ। इस दौरान एसडीएम अनुराग निंगवाल एवं नगर परिषद् सीएमओ महेंद्र सिंह यादव मौजूद रहे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter