नगर में मनेगी दतिया गौरव दीवाली : मां पीतांबरा की रथयात्रा को लेकर होंगे भव्य आयोजन, राम संकीर्तन यात्रा के साथ गौरव मैराथन भी होगी

Datia news : दतिया। मां पीतांबरा की रथयात्रा एवं दतिया गौरव दिवस 24 अप्रेल को मनाने की तैयारियों के क्रम में प्रशासनिक स्तर पर भी कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। इस दौरान विभिन्न प्रकार के धार्मिक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक आयोजन 4 अप्रेल से शुरू होकर 24 अप्रेल तक चलेंगे। इस पूरे आयोजन के लिए नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय होंगे। उनके सहयोग के लिए 11 सदस्यीय समिति भी तय कर दी गई है।

दतिया गौरव दिवस का भव्यता देने के लिए 4 अप्रेल को पहला आयोजन हनुमान गढ़ी पर होगा। जिसकी शुरुआत रामभक्त हनुमान के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर परिचर्चा के साथ होगी। जिसमें कबनु सुकाज कठिन जग माही, जो नहीं होई तात तुम पाहीं। पंक्ति के आधार पर श्री हनुमान जी पर उपस्थित वक्तागण परिचर्चा करेंगे। 5 अप्रेल को भवानी पार्क में दतिया में जलसंवर्धन की आवश्यकता और उपाय पर परिचर्चा होगी।

6 अप्रेल को श्रीराम संकीर्तन यात्रा विजयराघव मंदिर से अवध बिहारी मंदिर, तिगैलिया होते हुए पीतांबरा पीठ तक पारंपरिक कीर्तन यात्रा के रुप में निकाली जाएगी। 7 अप्रेल को भवानी पार्क में दतिया के मंदिरों की विशेषता एवं संत परंपरा पर परिचर्चा होगी। 10 अप्रेल को दतिया की विकास यात्रा के 50 वर्ष के कालखंडों पर चर्चा की जाएगी। 11 से 13 अप्रेल तक एसआरआई कालेज में दतिया की लोकगाथाओं का गायन, दतिया का इतिहास एवं पर्यटन पर परिचर्चा होगी। इस दौरान पुरातत्व की सामग्री का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

14 से 17 अप्रेल तक गायन, नृत्य प्रतियोगिता के साथ दतिया गौरव मैराथन होगी। 18 अप्रेल को रासजेबी स्कूल में रंगोली, चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 19 अप्रेल को लोकरंग कला यात्रा में लोक कलाकारों की रैली, विवाह एवं गारी गीत गायन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

20 और 21 अप्रेल को कवि सम्मेलन, कलाकार एवं साहित्यकारों का सम्मान होगा। 22 अप्रेल को सांस्कृतिक यात्रा नगर में निकलेगी। जिसमें स्कूली बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते हुए निकलेंगे।

23 को मनेगी दतिया गौरव दिवाली : वहीं 23 अप्रेल को पीतांबरा पीठ पर भव्य दीपोत्सव के साथ ही घर-घर दतिया गौरव दीवाली का आयोजन होगा। जिसमें पीठ पर दीपमालिकाओं का जगमगाहट के साथ दतिया गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर विशेष आयोजन होंगे। 24 अप्रेल को मां पीतांबरा की रथयात्रा निकलेगी। इसी दिन दतिया गौरव सम्मान प्रदान किए जाएंगे। साथ ही स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक आयोजन होंगे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter