दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन के बीच अपने अधिकृत प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का नामांकन दाखिल कराया। इस दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।
नामांकन से पहले भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर आशुतोष तिवारी का नामांकन दाखिल कराया। इसके बाद किला चौक पर आयोजित विशाल आमसभा में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया। हाल ही में टिकट को लेकर सामने आए विरोध और राजनीतिक घटनाक्रम के बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा की मंच पर मौजूदगी को भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व ने इस मौके पर संगठन की एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया, जबकि जिले में उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और वरिष्ठ विधायक फूल सिंह बरैया उनके साथ मौजूद रहे। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इस दौरान उनके साथ दिखाई नहीं दिए।
त्रिकोणीय मुकाबला : दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। भाजपा ने आशुतोष तिवारी, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने दामोदर यादव को मैदान में उतारा है।
तीनों प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के नामांकन के साथ चुनावी अभियान तेज हो गया है और जिले में राजनीतिक गतिविधियां लगातार रफ्तार पकड़ रही हैं। सोमवार का दिन दोनों प्रमुख दलों के शक्ति प्रदर्शन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
“पार्टी का निर्णय सर्वोपरि, जो जिम्मेदारी मिलेगी निभाऊंगा” : डॉ. मिश्रा ने कहा कि पार्टी के भीतर अपनी बात रखने की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है और उन्होंने उसी प्रक्रिया के तहत अपनी बात संगठन के सामने रखी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है क्योंकि संगठन दूरगामी सोच के साथ फैसले लेता है।
उन्होंने कहा, “पार्टी हमसे कहीं अधिक दूर तक देख सकती है। उसका हर निर्णय हमारे लिए सिर माथे है और हम उसी के अनुसार कार्य करेंगे।”

