दतिया के वीरसिंह पैलेस की जल्दी बदलेगी रंगत : केमिकल ट्रीटमेंट और मरम्मत के प्रयास शुरू, गृहमंत्री ने पर्यटन विभाग को भेजा पत्र

Datia news : दतिया। दतिया के वीरसिंह पैलेस की रंगत जल्दी ही बदलेगी। इसे लेकर प्रयास शुरू हो गए हैं। केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी को पुराने महल के नाम से विख्यात वीर सिंह पैलेस के संधारण, मरम्मत एवं केमिकल ट्रीटमेंट कराए जाने के संबंध में गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने एक पत्र भेजा है। जिसमें जल्दी इस प्रस्ताव को स्वीकृति देने का आग्रह किया गया है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित राष्ट्रीय स्मारक वीर सिंह जूदेव महल दतिया में स्थित है। यह महल बुंदेलखण्ड के सर्वश्रेष्ठ इमारत के रूप में जाना जाता है। इस महल का संधारण कार्य न होने से इसकी स्थिति दिनों-दिन खराब होती जा रही है। छज्जे के पत्थर एवं कंगूरे टूट रहे हैं। छतों की हालत भी बहुत खराब है। केमिकल ट्रीटमेंट न होने से महल के बाह्य भाग पर कालापन आ गया है। इस महल को तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है।

पहले भेजे गए पत्रों पर पर्यटन मंत्रालय ने नहीं दिया ध्यान : पत्र में गृहमंत्री ने उल्लेख किया है कि इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट दतिया का अर्द्धशासकीय पत्र क्रमांक 344-5 दिनांक 17/01/2022 एवं पत्र क्रमांक / डी.ए.टी.सी.सी. /32/ 4981-3/ 28/07/2022 को क्षेत्रीय निदेशक, मध्य क्षेत्र, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण कार्यालय भोपाल को लिखे जाने के बावजूद भी न तो उन्होंने पत्रों के कोई जवाब दिए और ना ही कोई कार्य कराया गया। ऐसे में इस पुरातात्विक महत्व की इमारत का संधारण नहीं हाे पा रहा। इसका शीघ्र अनुरक्षण न किए जाने से इसको अपूर्णीय क्षति होने की संभावना है।

स्वीकृति के बाद वीरसिंह पैलेस की लौटेगी रौनक : गृहमंत्री द्वारा केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी को भेजे गए पत्र के बाद वीरसिंह पैलेस के संधारण और मरम्मत के कार्य को जल्दी ही स्वीकृति मिलने की संभावना है।

स्वीकृति मिलने के साथ ही पैलेस के केमिकल ट्रीटमेंट होगा। जिससे वीरसिंह पैलेस की रौनक लौटेगी। वहीं टूट रहे कंगूरे और छज्जों में सुधार से पैलेस का सौंदर्य निखरेगा। दतिया के लिए यह पैलेस उसके ऐतिहासिक गौरव का प्रतीक है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!