बेटी ने भी संभाली प्रचार की कमान : माण्डवी राजे गांव-गांव पहुंचकर घनश्याम सिंह के लिए मांग रहीं समर्थन, बोलीं- जनता के मन में कांग्रेस !

दतिया। विधानसभा उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी प्रचार ने पूरी रफ्तार पकड़ ली है।। कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक घनश्याम सिंह के समर्थन में उनकी पुत्री माण्डवी कुमारी राजे ने प्रचार अभियान की कमान संभाल ली है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर मतदाताओं से जनसंपर्क किया और कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन एवं आशीर्वाद की अपील की।

गांव-गांव पहुंचकर मांगा समर्थन : जनसंपर्क अभियान के दौरान माण्डवी राजे ने ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर कांग्रेस की नीतियों और घनश्याम सिंह के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है और उन्हें विश्वास है कि जनता कांग्रेस के पक्ष में अपना समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी दतिया के समग्र विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ने का संकल्प लेकर जनता के बीच पहुंच रही है।

महिलाओं और युवाओं से किया संवाद : प्रचार के दौरान माण्डवी राजे ने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए क्षेत्र के विकास को नई गति देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से कांग्रेस उपचुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।

घनश्याम सिंह लगातार कर रहे जनसंपर्क : कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह भी लगातार चुनावी सभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि दतिया हमेशा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की पहचान रहा है। जनता का आशीर्वाद मिलने पर वे क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को भी और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।

उपचुनाव में तेज हुई चुनावी सरगर्मियां : दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब चुनावी मुकाबला पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने आशुतोष तिवारी, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने दामोदर यादव को मैदान में उतारा है। 13 जुलाई को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और 16 जुलाई को नाम वापस लेने की समय-सीमा समाप्त होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है।

अब सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार अभियान तेज कर चुके हैं। दतिया विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनावी गतिविधियों के बीच सभी दल मतदाताओं तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter