शहडोल/भोपाल। मध्य प्रदेश के ‘मिनी ब्राजील’ के नाम से विख्यात शहडोल जिले के छोटे से गांव विचारपुर की बेटियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विचारपुर स्थित ‘खेलो इंडिया स्माल सेंटर’ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं 6 होनहार बेटियों का चयन राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिए किया गया है। महू में 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक आयोजित एआईएफएफ (AIFF) इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट में शहडोल की बेटियों ने जोरदार प्रदर्शन कर फाइनल तक का सफर तय किया, जहां उनके शानदार खेल के दम पर जिले की कुल 8 बालिकाओं को राष्ट्रीय कैंप का बुलावा मिला है।
ग्वालियर और महू को 10-0 से रौंदा, फाइनल में इंदौर से कड़ा मुकाबला : टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों में शहडोल की अंडर-16 बालिका टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए ग्वालियर को 10-0 और महू को भी 10-0 के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। हालांकि फाइनल मुकाबले में इंदौर के खिलाफ टीम 1-0 से हार गई और उसे उपविजेता रहकर संतोष करना पड़ा, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
विचारपुर सेंटर की 6 बेटियों समेत कुल 8 खिलाड़ियों का चयन:
-
विचारपुर खेलो इंडिया सेंटर: राधिनी सिंह, संध्या सहीस, मोनिका सिंह, चांदनी यादव, राधा सिंह और वाशु।
-
शहडोल जिले से अन्य चयनित: दिव्या संत और दिव्या बैगा।
सेंटर हाफ राधिनी बनीं टॉप स्कोरर, फॉरवर्ड में उतरकर मचाई धूम : कक्षा 10वीं की छात्रा राधिनी सिंह इस पूरे टूर्नामेंट की सबसे चमकदार खिलाड़ी साबित हुईं। आमतौर पर सेंटर पोजीशन पर खेलने वाली राधिनी को टीम रणनीति के तहत फॉरवर्ड लाइन में उतारा गया, जहां उन्होंने दो मुकाबलों में कुल 8 गोल दागकर टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने पहले मैच में 5 और दूसरे में 3 गोल दागे। सेंटर की कोच लक्ष्मी सहीस ने बताया कि राधिनी इससे पहले भी तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं।
इंदौर में कैंप, नारायणपुर में राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगी दम : राष्ट्रीय कैंप का आयोजन इंदौर में किया जा रहा है, जहां इस कैंप के प्रदर्शन के आधार पर मध्य प्रदेश की अंतिम अंडर-16 राष्ट्रीय बालिका फुटबॉल टीम तय होगी। चयनित टीम आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जाएगी।

