दिनदहाड़े लूट : बुजुर्ग महिला के कान से सोने के टॉप्स छीनकर फरार हुआ बदमाश, घायल अवस्था में पहुंचीं अस्पताल !

दतिया : शहर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला के साथ झपटमारी की घटना सामने आई है, जहां बदमाश ने चलते रास्ते पर ही उनके कान से सोने के टॉप्स छीन लिए। इस दौरान महिला के कान में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंद धर्मशाला के पीछे रहने वाली विट्टो पाल सोमवार दोपहर अपने मायके राजघाट तिराहा से पैदल घर लौट रही थीं। जैसे ही वह ग्वालियर-दतिया हाईवे स्थित मंगल ढाबा के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आए एक युवक ने अचानक उनके कान में झपट्टा मारते हुए सोने के टॉप्स छीन लिए।


🚨 अचानक हमले से घायल हुई महिला, आरोपी फरार : अचानक हुए इस हमले से महिला संभल नहीं सकीं और मौके पर ही घायल हो गईं। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


🎥 CCTV फुटेज से पहचान की कोशिश, इलाके में दहशत : इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला का पीछा करता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

घटना के बाद क्षेत्र में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों पर रोक लगाई जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter