Datia news : दतिया। बस पर क्लीनर का काम करने वाले युवक का शव पहूज नदी में सोमवार को उतराता मिला। नदी किनारे बने इंटेक बेल पर नपा का कर्मचारी गया हुआ था। जिसने सबसे पहले इस शव को पानी में उतराता देखा।
भांडेर-लहार रोड पुराने रपटा के पास सोमवार को पहुज नदी में एक शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर भांडेर पुलिस पहुंची और नगरपालिका सफाई कर्मचारियों के सहयोग से उसे बाहर निकलवाकर शव वाहन से पीएम हाउस लाया गया। जिसका पीएम मंगलवार को किया जाएगा। मृतक अपने घर से दो दिन से लापता था। वह बस पर क्लीनरी करता था।
नदी में उतराता मिले शव को सबसे पहले नगरपालिका के जल शाखा के कर्मचारी प्रकाश कुशवाहा ने देखा था। उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे जब वे यहां पानी की टंकी पर खड़े थे।
तब पुराने रपटा के पास एक शव को उतराते देखा था। जबकि रपटे पर कपड़े और जूते रखे थे। इससे प्रतीत होता है कि मृतक यहां नहाने आया था। लेकिन फिर ऊपर नहीं आ पाया। इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के बारे में छानीबीन कर उसकी शिनाख्ती के प्रयास शुरु किए। इसे अज्ञात माना जा रहा था। लेकिन फिर जल्दी ही मृतक की पहचान कमलेश नामदेव पुत्र शंकर निवासी अकबरपुर भांडेर के रूप में की गई।
बताया जाता है कि मृतक करीब दो दिन पहले से लापता था। वह बस पर क्लिनरी का काम करता था। उसकी पत्नी का एक साल पहले ही निधन हो गया था।