सड़क और खेत में पड़े मिले मृतक, लोगों ने कहा सर्दी से हुई मौत, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

दतिया  ।  सर्दी का सितम बढ़ने लगा है। जिसकी चपेट में आकर अंचल में दो लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। वहीं सर्दी को देखते हुए अलाव की व्यवस्था करने की सुध नगर परिषदों ने लेना शुरू कर दी है। भांडेर और जिगना क्षेत्र में दो लोगों की सर्दी से मौत होने की बात स्थानीय लोगों द्वारा बताई जा रही है। भांडेर में रविवार सुबह साढ़े छह बजे स्टेट बैंक के पास स्थित किराना दुकानों के सामने एक व्यक्ति के मृत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर भांडेर थाने से एएसआई अरविंद भदौरिया ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भिजवाकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।

छानबीन के बाद पता चला कि मृतक भांडेर में रहकर दीवार पुट्टी और कलर करने का कार्य करता था और पटेल समाज से है। लोग उसे केवल पेंटर के नाम से जानते थे। इसी आधार पर उन्होंने अपनी पड़ताल आगे बढ़ाते हुए स्थानीय पटेल समुदाय के लोगों से संपर्क कर वांछित जानकारी जुटाई तो पता चला कि मृतक मंजल सिंह पुत्र दयाराम 60 वर्ष निवासी संदीए जिला जालौन उप्र का निवासी था। झांसी कंट्रोल रूम की मदद से मृतक के स्वजनों तक उसकी मौत की खबर पहुंचाई गई। जिसके बाद उसके भतीजे बबलू और मृतक की बहिन का नाती ने पीएम हाउस पहुंचे और शव अपने साथ ले गए।

सर्दी और शराब के कारण हुई मौत

मृतक के भतीजे बबलू के अनुसार उसके चाचा भांडेर से पहले कोटा राजस्थान रह चुके हैं। इनकी पत्नी और दो लड़के थे। जो काफी पहले ही दुनिया छोड़ चुके हैं। पुलिस के अनुसार मृतक शराब का आदी था। लोगों के अनुसार शनिवार की रात भी वह शराब पिए हुए था। चूंकि सर्दी अधिक थी और घटनास्थल के पास रात्रि में उसके द्वारा सर्दी से बचने का प्रयास करने आग जलाने के साक्ष्य भी मिले। लेकिन उसमें नाकाम रहने के चलते सुबह तक उसकी मौत हो गई। फिलहाल मौत की सही जानकारी पीएम रिपोर्ट से ही मिल पाएगी। वहीं जिगना में भी भंडारे से लौट रहे युवक का संदिग्ध हालत में शव पुलिस ने बरामद किया है। एक खेत में नौनेर निवासी रज्जू पाल पुत्र अजीतपाल ग्राम बरौदी में भंडारे में गया था। वहां से लौटते समय सर्दी के कारण उसकी मौत हो जाने की बात कही जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है

सार्वजनिक स्थानों पर जलाए अलाव

रविवार को सर्दी की चपेट में आने से भांडेर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जो इस सीजन की पहली मौत भी है। इसी मौत का सबब रहा कि रविवार शाम से नपं भांडेर ने नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों जैसे पटेल चौराहा, सरसई तिराहा, चिरगांव चुंगी, घटिया बाजार, खाई का बाजार, खटिकयाना, सिकंदरपुर पानी की टंकी, राजमाता चौराहा आदि पर अलाव जलवाए गए हैं। ताकि आम लोगों को सर्दी से राहत मिल सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter