दतिया । सोमवार को कलेक्टर संजय कुमार ने दतिया नगर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भांडेर चुंगी पर सफाई कर्मियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि कोई भी कार्य छोटा एवं बड़ा नहीं होता है बल्कि यह हमारी सोच होती है कि यह कार्य छोटा है या बड़ा। सफाई कर्मी का कार्य महत्वपूर्ण कार्य होता है।
कलेक्टर ने कहा कि सफाईकर्मी जिस कार्य के लिए नियुक्त किए गए उस कार्य को पूरे मन लगाकर लगन, ईमानदारी, मेहनत तथा अनुशासन में रहकर कार्य करें। जिससे दतिया नगर प्रदेश में साफ-सफाई एवं स्वच्छता के मामले मंे स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान प्रदेश में प्रथम पायदान के जिलों में शामिल हो सके। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनिल दुबे साथ उनके साथ रहे।
कलेक्टर ने कहाकि सफाई कर्मियों को यह भी देखना होगा कि कोई भी व्यक्ति खुले में एवं सड़कों पर कचरा न फेंके, ना ही गंदगी करें बल्कि कचरे को संग्रहण के लिए निर्धारित किए गए डम्पिंग यार्ड में भी संग्रहित किया जाए। इसके लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान संचालित करने के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले की साफ-सफाई एवं स्व्च्छता के प्रति नागरिकों की सोच में बदलाव आ रहा है। इस कार्य के लिए लोग सहयोग करने आगे आ रहे है। हमें लोगों को और सफाई रखने की समझाईश देने के साथ इस दिशा में अभी बहुत काम करने की जरूरत है।
बेहतर कार्य करने वाले सफाई-कर्मी होंगे पुरस्कृत
कलेक्टर ने कहा सफाई-कर्मी सफाई के कार्य को एक प्रतिस्पर्धा के रूप में अनुशासन में रहकर करें। बेहतर कार्य करने वाले सफाई-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ऐसे सफाई कर्मचारी जो अपने कार्य में रूचि नहीं ले रहे एवं कार्य न कर रहे, उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को वेतन उनके द्वारा किए गए कार्य का वार्डवासियों द्वारा मूल्यांकन एवं पंचनामा उपरांत दिया जाएगा। कलेक्टर ने इस दौरान सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए कि शहर का सतत् भ्रमण कर सफाई कर्मियों को सहयोग कर उनकी समस्याओं का निराकरण करें और सफाई कर्मियों को मास्क, ग्लब्स एवं सफाई कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर ने इस दौरान रिंग रोड़ का भी भ्रमण किया।

