दतिया। भांडेर सरसई रोड ईदगाह के पास पहाड़ी क्षेत्र स्थित गौरव स्टोन क्रेसर परिसर में पत्थर उत्खनन से बन गए गड्ढे में भरे पानी में सोमवार को दोपहर मिर्गी से पीड़ित एक युवक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृत युवक पंकज पुत्र श्रीलाल चंदेल निवासी पथरिया ततारपुर की मां मूर्ति देवी जो कि पेशे से शिक्षिका हैं, वहां कपड़े धोने गई थीं। उसी दौरान पंकज भी वहां पहुंच गया। इन दिनों क्रेसर बंद होने से वहां चहल पहल नहीं थी। लिहाजा मृतक की मां जब कपड़े सुखाने जा रही थी उसी दौरान पंकज पानी से भरे गड्ढे में गिर पड़ा और डूब गया। घटनास्थल पर उसकी एक चप्पल पड़ी हुई मिली।
घटना की जानकारी मिलने पर लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंकज के शव को ग्रामीणों द्वारा निकाले जाने के किए जा रहे प्रयास को यह कहकर रुकवा दिया कि इससे बॉडी को नुकसान पहुंच सकता है। गोताखोर ही शव निकालेंगे। लेकिन शाम 7 बजे तक गोताखोर घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। घटना के पांच घंटे गुजर जाने के बावजूद घटनास्थल पर गोताखोरों के न पहुंचने पर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी दिखाई दी।
इस मामले में मृतक के भाई अरुण कुमार का कहना था कि जैसे ही भाई के डूबने की जानकारी मिली मैंने इस पानी से भरे गड्ढे में तलाश किया। चूंकि गड्ढा गहरा था, इसलिए भाई का पता नहीं चल पाया। मृतक के स्वजन का आरोप था कि अभी तक न तो गोताखोर आ पाए हैं और ना ही पुलिस हमें भाई का शव निकालने दे रही है।
गोताखोर आने में देरी के मामले में जब शाम 7 बजे तहसीलदार सूर्यकांत त्रिपाठी से संपर्क साधा गया तो उन्होंने कहाकि जल्दी ही गोताखोर पहुंचने वाले हैं। वहीं थाना प्रभारी भांडेर ने भी गोताखोरों के रास्ते में होने की बात कही। लेकिन दोनों अधिकारियों से बात करने के 3 घंटे बाद भी गोताखोर मौके पर नहीं पहुंच सके थे। गड्ढे के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही।

