जानलेवा बनते जा रहे हिमाचल के पहाड़ : यात्रियों से भरी बस पर चट्टानें गिरने से मरने वालों का आंकड़ा 13 पहुंचा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

किन्नौर: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पांच (शिमला से किन्नौर जाने वाला मार्ग) पर रिकांगपिओ के पास अचानक पहाड़ टूट पड़ा। इस दौरान वहां से गुजर रहे छह छोटे वाहनों के साथ ही सवारियों से भरी एक बस मलबे की चपेट में आ गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। इसमें आठ एक ही वाहन में सवार थे। हालांकि, 13 लोगों को जिंदा निकाल लिया गया, लेकिन 30 से अधिक लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है।

24 सवारियां लेकर जा रही बस और एक जीप नहीं मिली है। माना जा रहा है कि यह दोनों वाहन मलबे के साथ सतलुज नदी में जा गिरे हैं। उधर, रात करीब साढ़े आठ बजे तक सड़क से मलबा हटा दिया गया, पर यातायात बहाल नहीं किया गया था। रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर बचाव कार्य रोक दिया गया, जोकि गुरुवार सुबह शुरू किया जाएगा।

किन्नौर जिला मुख्यालय से तकरीबन 61 किलोमीटर दूर हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी), हिमाचल प्रदेश पुलिस व राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवान मौके पर पहुंचे और मलबे से लोगों को निकालने में जुट गए। जिला उपायुक्त आबिद हुसैन समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

प्रशासन ने रामपुर से लेकर शिमला तक के अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी कर दिए। मलबे में दबे तमाम यात्रियों के स्वजन भी वहां पहुंच गए। आलम यह था कि जैसे ही किसी घायल या शव को मलबे से निकाला जाता तो पूरी भीड़ स्वजन की तलाश में आगे आ जाती। ये सिलसिला दोपहर तीन बजे से शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।

पीएम मोदी ने बचाव कार्य के लिए मदद का दिया भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से फोन पर बात कर हादसे की जानकारी ली और घटनास्थल पर बचाव कार्य के लिए हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया। गृहमंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री से बात की।

उन्होंने आइटीबीपी के महानिदेशक से बात कर घटनास्थल पर तुरंत मदद पहुंचाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा कि भूस्खलन में फंसे लोगों को बचाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। सेना से राहत व बचाव के लिए हेलीकाप्टर की मांग की है। जयराम ठाकुर गुरुवार को किन्नौर में घटनास्थल का दौरा करेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter