दतिया । कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दतिया में 2 अप्रैल से शुरू होने वाला तीन दिवसीय फाग महोत्सव स्थगित कर दिया गया है। उक्त आशय की जानकारी गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को फाग महोत्सव के संबंध में आयोजित बैठक में दी। गृहमंत्री की उपस्थिति में स्टेड़ियम दतिया में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों की आयोजित हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने कहाकि कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने करीला मेला एवं ग्वालियर मेला को भी स्थगित करने का निर्णय लिया है। कोरोना के संक्रमण के फैलने को दृष्टिगत रखते हुए 2 अप्रैल से 4 अप्रैल तक दतिया में आयोजित होने वाला फाग महोत्सव भी स्थगित किया जा रहा है।
डा.मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मेरा मास्क मेरी सुरक्षा अभियान के तहत कोरोना से बचाव के लिए सभी लोग अपने चेहरे पर मास्क लगाएं, सेनेटाईजर का उपयोग कर सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें। आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। बैठक में भाजपा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया, कलेक्टर संजय कुमर, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठोर, फाग महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारीगण तथा संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
फाग महोत्सव में आने वाली थी तमाम बड़ी हस्तियां
कोरोना संक्रमण को देखते हुए फाग महोत्सव स्थगित कर दिया गया है। कोरोना का असर कम होने के बाद ही महोत्सव को लेकर नई तारीखें घाेषित की जाएंगी। स्थगित किए गए फाग महोत्सव में इस बार भी कई नामचीन कलाकार और कवि आने वाले थे। जिनमें कवि कुमार विश्वास और बालीवुड सिंगर बादशाह भी शामिल थे। जिन्हें फाग महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देना थी।
सभी धार्मिक आयोजन व मेले रहेंगे स्थगित
इस संबंध में कलेक्टर ने भी आदेश जारी कोरोना को दृष्टिगत रखते हुए सभी धार्मिक आयोजन, मेले आदि स्थगित रहेंगे। इसके साथ ही अन्य प्रदेशों से जिले में आने वाले लोगों को अपनी एक सप्ताह के अंदर कराई गई काेराेना टेस्ट रिपोर्ट लाना अनिवार्य होगी। इसके अलावा अन्य जिलों से आने वाले लोगों को अपने घर में ही 10 दिन क्वारंटाइन रहना अनिवार्य रहेगा।

