दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल कोरोना पॉजिटिव, आइसोलेशन में गए, संपर्क में आने वालों से जांच की अपील

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को बताया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और घर पर ही पृथक रह रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उन सभी लोगों से जांच कराने और दूसरों से खुद को पृथक करने की अपील की, जो पिछले कुछ दिनों में उनके सम्पर्क में आए हैं।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया हूं। मामूली लक्षण हैं। घर पर ही पृथक रह रहा हूं। पिछले कुछ दिनों में मेरे सम्पर्क में आए लोग, कृपया खुद को दूसरों से दूर रखें और जांच कराएं।’’

अधिकारियों के अनुसार, केजरीवाल पहली बार कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पिछले साल अप्रैल में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल संक्रमित पाई गईं थी, हालांकि केजरीवाल में लक्षण थे लेकिन जांच में उनके संक्रमित ना होने की पुष्टि हुई थी।

सरकार के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ पूरे परिवार की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है। वह और उनका परिवार पृथक-वास में है। मुख्यमंत्री के साथ काम करने वाले कर्मियों को भी जांच कराने और पृथक रहने को कहा गया है।’’

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय सहित केजरीवाल मंत्रिमंडल के अधिकतर मंत्री पिछले साल संक्रमित पाए गए थे। देहरादून में एक रैली करने के एक दिन बाद केजरीवाल संक्रमित पाए गए हैं।

केजरीवाल पिछले कुछ दिनों से पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में प्रचार अभियान में जुटे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) इन राज्यों में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही है।

चंडीगढ़ नगर निगम के 35 में से 14 वार्ड में ‘आप’ की जीत के बाद 30 दिसंबर को केजरीवाल ने चंडीगढ़ में विजय मार्च का नेतृत्व भी किया था। उन्होंने 31 दिसंबर को पटियाला में एक शांति मार्च में भाग लिया था। दो जनवरी को उन्होंने लखनऊ में एक रैली की और तीन जनवरी को वे चुनाव प्रचार के लिए देहरादून गए थे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया था।

Written & source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!