दिल्ली को ₹33,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात : पीएम मोदी ने किया उद्घाटन-शिलान्यास

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की लागत वाली कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक और विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और आज शुरू की गई परियोजनाएं राजधानी की अवसंरचना को मजबूत करने के साथ लोगों के जीवन को अधिक सुगम बनाएंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं होता, बल्कि यह पूरे देश की छवि से जुड़ा होता है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, कनेक्टिविटी सुधारने वाले प्रोजेक्ट और सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवासीय परिसरों का निर्माण शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजधानी में शुरू किया गया नया मेट्रो खंड विशेष रूप से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लाखों लोगों को बड़ी राहत देगा। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों का सफर पहले से कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत की नारी शक्ति आज राजनीति, प्रशासन, विज्ञान, खेल और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है और देश के विकास में अहम योगदान दे रही है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार किया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में 1,800 नई बसें सेवा में जोड़ी गई हैं, जिनमें ‘देवी बसें’ भी शामिल हैं जो कॉलोनियों और मोहल्लों तक अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी मजबूत कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार यमुना नदी के पुनर्जीवन और दिल्ली में जीवन स्तर सुधारने के लिए भी मिशन मोड में काम कर रही है। इसके साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वालों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का अभियान शुरू किया गया है, जिससे वे आसानी से अपनी जरूरतों के अनुसार वित्तीय सहायता ले सकेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के विकास को नई गति मिलेगी और राजधानी आधुनिक, सुविधाजनक व बेहतर कनेक्टिविटी वाले शहर के रूप में आगे बढ़ेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!