MP के किसानों के लिए CM शिवराज की बड़ी सौगात : तीन फरवरी को 80 लाख किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से डाली जाएगी राशि


भोपाल  : मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसान कल्याण योजना की राशि 80 लाख किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी 80 लाख किसानों का प्री-रजिस्ट्रेशन हो। साथ ही मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में स्वीकृति-पत्रों का वितरण होगा। मुख्यमंत्री चौहान मंत्रालय में विदिशा में 3 फरवरी को होने वाले मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि डालने के साथ ही लाड़ली बहना योजना की जानकारी भी दी जाएगी। यह कार्यक्रम प्रदेश में रीवा संभाग को छोड़ कर होगा। जिलों के कलेक्टर गाँव-गाँव में किसानों को एकत्रित करें। हर गाँव में कार्यक्रम सुना जाए। विदिशा में हो रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्यक्रम व्यवस्थित हो। कार्यक्रम की बेहतर तैयारियां की जाएं। सभी जिलों के कलेक्टर बैठक में वर्चुअली शामिल हुए।

सिंचाई परियोजनाओं का कार्य समय-सीमा में पूरा करें – CM 

Banner Ad

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करें। मुख्यमंत्र मंत्रालय में वृहद परियोजना मंडल की 118 वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश की मूंदरी वृहद सिंचाई परियोजना, रिहन्द सूक्ष्म सिंचाई परियोजना, काठन परियोजना, सेमरिया सूक्ष्म सिंचाई परियोजना, कयामपुर सूक्ष्म उद्वहन वृहद सिंचाई परियोजना और भन्नी सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं संबंधी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया और निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करें। प्रदेश में सिंचाई क्षमता को लगातार बढ़ाना हमारा उद्देश्य है। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव जल संसाधन एस.एन. मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

आदि शंकराचार्य की प्रतिमा अगस्त 2023 तक स्थापित की जाए :  स्टेच्यू ऑफ वननेस प्रोजेक्ट की समीक्षा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापना का कार्य अगस्त 2023 तक पूर्ण कर लिया जाए। अद्वैतधाम के निर्माण का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए सभी विभाग तथा एजेंसियों से परस्पर समन्वय बनाए रखने और अनुमतियाँ प्राप्त करने में विलम्ब को टालने के लिए साप्ताहिक आधार पर समीक्षा बैठकें की जाएँ।

ओंकारेश्वर के मास्टर प्लान एवं इंदौर से ओंकारेश्वर की फोर लेन कनेक्टिविटी पर भी ध्यान दें : अद्वैतधाम के निर्माण के साथ ही ओंकारेश्वर का सिटी मास्टर प्लान, नगर की स्वच्छता, इंदौर से ओंकारेश्वर की फोर लेन कनेक्टिविटी, नर्मदा नदी की साफ-सफाई, तटों का सौन्दर्यीकरण और यात्री निवास की कार्य-योजना बना कर समय-सीमा में क्रियान्वित किया जाए। 

जानकारी दी गई कि देश की उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम की स्थापत्य कलाओं को समाहित कर विकसित किए गए डिजाइन पर आधुनिकतम निर्माण तकनीक से अद्वैतधाम का निर्माण किया जा रहा है। आदि शंकराचार्य की 108 फिट ऊँची प्रतिमा और पेडस्टल की स्थापना की दिशा में हुई प्रगति, आचार्य शंकर संग्रहालय परिसर, आचार्य शंकर अंतर्राष्ट्रीय अद्वैत वेदांत संस्थान, अद्वैत वन आदि के निर्माण की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter