ग्वालियर : मंत्री ने आधा घंटे में दिलाई पेंशन, 53 लाख से अधिक के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण

ग्वालियर :  ऊर्जा मंत्री  प्रद्युमन सिंह तोमर ने वार्ड-36 में जीवाजी गंज से विकास यात्रा का शुभारंभ किया। मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी के हितों का ध्यान रखती है। पहले लाडली लक्ष्मी योजना से बेटियों के भाग्य को संवारा अब माता बहनों के लिए लाडली बहना योजना लेकर आई है। योजना में सभी महिलाओं को ₹1000 प्रति महीना मिलेगा। साथ ही वृद्ध और कल्याणी महिलाओं को भी ₹1000 प्रति महीना पेंशन मिलेगी।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने वार्ड 36 स्थित जीवाजी गंज, पीजी कॉलेज की गलियां, सिकरवारी मोहल्ला, न्यू शांति नगर, कबीर आश्रम, रामकुई, जलाल खान की गोठ, बजरिया चैराहा, बाल्मीकि मंदिर सहित जगहों पर विद्युत व नगर निगम के 53 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।

यात्रा के दौरान अनेक स्थानों पर गंदगी एवं नियमित गाडी न आने की शिकायत मिली जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को निरंतर सफाई व्यवस्था ठीक करने एवं प्रतिदिन कचरा संग्रहण वाहन भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया। बच्चों से बात की और पढाई के लिए प्रेरित किया।

आधे घंटे में वृद्धा विकलांग पेंशन कराई स्वीकृत : विकास यात्रा के मुल्लाजी की सराय में पहुँचने पर वहाँ  साइमा खान ने बताया कि वह दिव्यांग हैं, लेकिन उनको दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। सूबे की पाएगा निवासी रशीदा बानो ने बताया कि वह वृद्ध हैं लेकिन उनको वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर ऊर्जा मंत्री  तोमर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया और दोनों लोगों की पेंशन आधे घंटे में स्वीकृत कर स्वीकृति-पत्र प्रदान किये।

वार्ड-10 में विकास यात्रा 23 फरवरी को : 23 फरवरी 2023 को विकास यात्रा वार्ड-10 में हनुमान मंदिर किला गेट चौराहा से प्रारंभ होकर कृपालनाथ के धूना, हलवाटखाना, सोडा कुआं, बाबा कपूर, कसाई मोहल्ला, गोलंदाज, नाइन मोहल्ला, लखेरा गली, रामेश्वर महादेव, कानून गोयन मोहल्ला, चौबे जी की धर्मशाला, शीतल गली, नील ग्राम गली पहुँचेगी। सुभाष पुरी पर यात्रा का समापन किया जाएगा।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter