Datia news : दतिया। मां पीतांबरा के दरबार में सोमवार को अभिनेताओं व नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। सबसे पहले सोमवार सुबह पीठ पर फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी, सोनू सूद और रजत बेदी पहुंचे। जिन्होंने माई की पूजा अर्चना की। पीठ पर फिल्मी कलाकारों को देखकर से वहां मौजूद श्रद्धालु भी उत्साहित हो गए।
उन्होंने कलाकारों के साथ खूब सेल्फी ली। इस दौरान मंदिर के पुजारी सेवकों ने भी अभिनेताओं के साथ फोटो खिंचवाए। इसके बाद उन्हें स्वल्पाहार भी कराया। सुनील शेट्टी और सोनू सूद ने पीठ पर मौजूद लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया।
दरअसल प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी और सोनू सूद सोमवार को दतिया पहुंचे थे। उनके साथ एक अन्य फिल्म कलाकार रजत बेदी भी मौजूद रहे।
इस दौरान तीनों फिल्म अभिनेताओं ने पीतांबरा पीठ पर मां बगलामुखी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। साथ ही पीठ स्थित धूमावती माई की आरती में शामिल हुए।
इस दौरान फिल्म अभिनेताओं ने वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया। पीठ पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जब वहां फिल्म अभिनेताओं काे देखा तो उनके साथ सेल्फी के लिए दौड़ पड़े।

इस बीच सुनील शेट्टी और सूद ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया। उन्होंने सभी के साथ सेल्फी खिंचवाई। इस दौरान पीठ पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी रही।
बता दें कि रविवार को ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उक्त कलाकार ग्वालियर आए थे। जहां से वह पीतांबरा पीठ दतिया पहुंचे थे।
शाम को नेताओं का रहा जमावड़ा : सोमवार को सहकारिता मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पीतांबरा पीठ पहुंचकर दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने मीडिया से रुबरु होते हुए कहाकि वह राज्य की सुख-शांति और समृद्धि के लिए माई से आशीर्वाद लेने दतिया आए हैं।
उन्होंने कहा कि मां का आशीर्वाद हमेशा राज्य को प्रगति की राह पर ले जाएगा। वहीं सोमवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने दतिया पहुंचकर मां पीतांबरा के दर्शन किए।
मंदिर प्रांगण में उन्होंने अन्य मंदिरों पर भी माथा टेका। उन्होंने महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर पूजन किया। सौदान यह धार्मिक यात्रा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ी मानी जा रही है।