वन कटाई की हकीकत जानने सेवढ़ा पहुंची डीएफओ, तीन घंटे पैदल घूमकर किया निरीक्षण

दतिया।  सेवढ़ा क्षेत्र की वन सीमा से रेत का अवैध उत्खनन करने वाले माफिया के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सघन चैकिंग अभियान और रात्रिकालीन गश्त भी किया जाएगा । इसके अलावा वन कटाई करने वाले लोगांें पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। यह निर्देश बुधवार दोपहर वन मंडलाधिकारी प्रियांशी राठौर द्वारा सेवढ़ा वन परिक्षेत्र की बढ़ेर बीट के निरीक्षण के दौरान दिए गए ।

औचक निरीक्षण करने बड़ेर बीट पहुंची प्रियांशी राठौर ने तीन घंटे तक जंगल के अंदर पैदल भ्रमण किया। लगभग 6.7 किलोमीटर के हिस्से में उन्होंने वन कटाई तथा अवैध उत्खनन की जमीनी हकीकत देखी। इस दौरान रेंजर सीएस श्रोतीय मौजूद रहे। वन परिक्षेत्र सेवढ़ा के घने और बड़े जंगल में नदी से सटे कुछ हिस्सों से रात में चोरी छिपे रेत उठाने का कार्य होता है। इस मामले में वन विभाग के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह ही तीन वाहन पकड़े थे। साथ ही उन लोगों पर डिरोलीपार थाना क्षेत्र में मामला कायम करवाया गया था । बावजूद इसके माफिया द्वारा वन सीमा के अंदर जाकर रेत उठाई जा रही थी। इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी सीएस श्रोतिय द्वारा बीट प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई ।

इसी क्रम में बुधवार को दोपहर 12 बजे डीएफओ प्रियांशी राठौर ने सीधे बड़ेर बीट पर जाकर मौका मुआयना किया। सूचना मिलने पर वन विभाग के रेंजरी डिप्टी रेंजर भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्टाफ को आयुर्वेद की जड़ी बूटियों से बने हर्बल प्रोडक्ट्स वितरित किए। साथ ही वनों में होने वाली जड़ी बूटियों की जानकारी उपलब्ध करवाई। उन्होंने वनों की सुरक्षा के उपायों को लेकर भी निर्देश दिए। इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने निर्माणाधीन वनपाल भवन का निरीक्षण भी करवाया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter