आईसीजी की बड़ी कारवाई : 30,000 लीटर अवैध डीजल और 1.75 लाख रुपये की नकदी जब्त, 4 लोग गिरफ्तार !

नई दिल्ली : भारतीय तट रक्षक (आईसीजी) ने 12 मई, 2024 को मुंबई से लगभग 27 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में चालक दल के चार सदस्यों के साथ मछली पकड़ने वाले एक पोत आई तुलजई को पकड़ा। डीजल की अवैध तस्करी में लिप्‍त इस संदिग्ध पोत को आईसीजी के एक फास्ट पेट्रोल वेसल और एक इंटरसेप्टर नाव ने पकड़ा।

पकड़े गए पोत की गहन तलाशी लेने पर उसके मछली भंडार के भीतर छुपाया गया 30 लाख रुपये की अनुमानित कीमत वाला लगभग 30,000 लीटर अवैध डीजल जब्त किया गया। इसके अलावा 1.75 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी भी जब्त की गई। गिरफ्तार किए गए चालक दल से पूछताछ में पता चला कि उनका इस अवैध माल को मछुआरों को बेचने का इरादा था।

पकड़े गए पोत को आईसीजी इंटरसेप्टर नाव द्वारा मुंबई बंदरगाह तक ले जाया गया, जहां इसे उचित जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। इस समुद्री खतरे के खिलाफ व्यापक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, मत्स्य पालन और राजस्व खुफिया निदेशालय सहित अन्य तटीय सुरक्षा एजेंसियों को भी इसमें शामिल किया गया है।

सीनियर नेशनल्स सेलिंग चैंपियनशिप- 2024 : भारतीय नौसेना वॉटरमैनशिप ट्रेनिंग सेंटर (आईएनडब्ल्यूटीसी), मुंबई के द्वारा 12 से 18 मई 2024 तक यॉचिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (वाईएआई) सीनियर नेशनल्स-2024 प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन भारतीय नौसेना सेलिंग एसोसिएशन (आईएनएसए), नौसेना मुख्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।

यह प्रतिस्पर्धा सभी वरिष्ठ ओलंपिक वर्गों के लिए एक राष्ट्रीय रैंकिंग कार्यक्रम भी है। इस प्रतिस्पर्धा का आयोजन मुंबई बंदरगाह में हो रहा हैं और यह स्थल देश के नाविकों को राष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान हेतु प्रतिस्पर्धा करने के लिए उपयुक्त है। देश भर के 10 प्रमुख नौकायन क्लबों के 82 प्रतिभागियों ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण कराया है।

आईएलसीए में कुल 7 पुरुष प्रतिभागी, आईएलसीए में 6 (महिला प्रतिभागी), 470 (मिश्रित), 49 (पुरुष), 49 एफएक्स (महिला), आईक्यूएफओआईएल (पुरुष), आईक्यूएफओआईएल (महिला), फॉर्मूला काइट (पुरुष) और फॉर्मूला काइट (महिला) वर्गों में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। नौकायन दौड़ों का आयोजन 13 मई एक ही श्रृंखला में आयोजित किया जा रही हैइसके पश्चात 18 मई 2024 को एक पदक दौड़ आयोजित की जाएगी।

दौड़ का संचालन वर्ल्ड सेलिंग द्वारा नियुक्त अंतर्राष्ट्रीय रेस अधिकारियों और अंतर्राष्ट्रीय न्यायाधीशों की एक टीम द्वारा किया जा रहा है, यह दुनिया भर में नौकायन की शासी निकाय है। भारतीय रेस अधिकारियों के अलावा, ऑस्ट्रेलिया, कोरिया और सिंगापुर के अंतर्राष्ट्रीय न्यायाधीश एक अंतर्राष्ट्रीय जूरी का गठन करेंगे। वे खेल की निष्पक्षता और पूर्ण व्यावसायिकता के साथ प्रतिस्पर्धा के संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter