जिला अस्पताल को मिलेगा शव वाहिका वाहन, गृहमंत्री ने विधायक निधि से राशि देने की दी स्वीकृति

दतिया । जिला चिकित्सालय में किसी मरीज की मौत हो जाने की िस्थति में उसके शव को ले जाने के लिए शव वाहिका वाहन उपलब्ध रहेगा। यह व्यवस्था जहां गरीबों के लिए मुफ्त रहेगी वहीं अन्य लोगों से मात्र 500 रुपये शुल्क लेकर उन्हें वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल इस व्यवस्था के लिए नगर पालिका के शव वाहिका वाहन को इस्तेमाल किया जाएगा। इसके बाद एक नए वाहन की व्यवस्था की जाएगी। रोगी कल्याण समिति की बैठक में यह मुद्दा समिति सदस्य बल्देव राज बल्लू ने उठाया था। जिस पर यह निर्णय लिया गया। नए वाहन खरीदी के लिए गृहमंत्री व दतिया विधायक डा. नरोत्तम मिश्रा ने अपनी विधायक निधि से राशि देने की स्वीकृति भी बैठक के दौरान फोन पर कलेक्टर को दे दी है।

जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कलेक्टर संजय कुमार ने जिला रोगी कल्याण समिति की बैठक गुरुवार को नवीन कलेक्ट्रेट के बैठक कक्ष में ली। बैठक में डिप्टी कलेक्टर दीपाशिखा भगत, सीएमएचओ डा. एसएन उदयपुरिया, सिविल सर्जन डा.एसएन शाक्य, मेडीकल कालेज डीन डा. राजेश गौर, सदस्य बलदेव राज बल्लू व अजय जैन उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि चिकित्सालय मंे आने वाले मरीजों एवं उनके स्वजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए चिक्त्सिालय के अंदर एवं बाहर यूनिफार्म साइनेज बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहाकि चिकित्सालय में खुली भूमि का उपयोग वाहन पार्किंग के रूप में किया जाए। जिससे वाहनों को व्यवस्थित रूप से स्टैंड पर खड़ा किया जा सके। चिकित्सालय परिसर में एम्बुलेंस, मरीजों को लाने वाले वाहन के अतिरिक्त अन्य वाहनों को प्रवेश अब नहीं दिया जाएगा। अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले दुपहिया वाहनों पर 100 रुपये और चार पहिया वाहनों पर 500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया जाएगा। चिकित्सालय में कार्यरत सिक्यूरिटी गार्ड पूर्ण गणवेश से लैस रहेंगे।

सुरक्षा गार्ड चिकित्सालय के चिकित्सक की अनुमति के उपरांत ही वार्डो में प्रवेश करेंगे। सुरक्षा कर्मियों को दिन में तीन बार अपनी उपस्थिति भी दर्ज करानी होगी। मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को परिसर में बैठने के लिए शैड सहित कुर्सियों की भी व्यवस्था की जाएगी ओपीडी (बाह्य रोग कक्ष) में मरीजों एवं स्वजनांे को बैठने के लिए वेटिंग रूम की व्यवस्था करने एवं मनोरंजन के लिए टीव्ही सेट भी लगाए जाएंगे।

बैठक में जिला चिकित्सालय परिसर मंे मेडीकल हर्बल गार्डन विकसित करने, वार्डो में स्ट्रेचर एवं व्हील चेयर क्रय करने, मैन गेट पर बाउण्ड्री बाल, सड़क नालियां एवं काऊ क्रेचर लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाए जाने, गर्म पानी एवं शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर लगवाने, पुरानी ओटी लैब का रिनोवेशन कराने, एक अतिरिक्त सुलभ शौचालय बनवाने, टीन शेड बनवाने आदि पर भी चर्चा की गई। बैठक में बायो मेडीकल वेस्ट कंटेनर क्रय करने के उपरांत भुगतान की स्वीकृति, वार्डो में टूटे स्ट्रेचर एवं पलंगों की बैल्डिंग, मरम्मत कार्य एवं पेंट कराने, बंद पड़े कूलर एवं पंखों की मरम्मत आदि की स्वीकृति प्रदाय की गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!