दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच गुरुवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कई बड़े राजनीतिक और संगठनात्मक संदेश दिए। हाल ही में टिकट को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद पहली बार उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी। एक ओर उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए, तो दूसरी ओर कार्यकर्ताओं से सभी मतभेद भुलाकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को रिकॉर्ड मतों से जिताने का आह्वान किया। बैठक के दौरान भाजपा कार्यालय कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ से खचाखच भरा रहा।
पुलिस कार्रवाई पर बरसे डॉ. मिश्रा : अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने हाल ही में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रशासन को जाम खुलवाना था तो वह खुलवा सकता था, लेकिन लाठीचार्ज क्यों किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने स्वयं वाहनों के शीशे तोड़े और भाजपा कार्यालय की ओर आंसू गैस के गोले छोड़े, जबकि कार्यालय सड़क के बीचों-बीच नहीं था।
उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं, किसी के सिर में तो किसी के हाथ में गंभीर चोट आई है। उन्होंने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद हैं। एसपी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, “एसपी साहब… नरोत्तम दोस्ती और दुश्मनी दोनों नहीं भूलता। अच्छा-बुरा सब याद रहता है।”
“भाजपा हमारी मां है, अब आशुतोष को जिताना है” : पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताने के साथ ही डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पित रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनकी मां है और एक सच्चे कार्यकर्ता की तरह अब सभी को पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताने के लिए पूरी ताकत लगानी होगी। उन्होंने कहा कि जो कुछ हुआ, वह भ्रम और भावनाओं में हुआ, लेकिन अब समय संगठन को मजबूत करने का है।
खुद फोन कर आशुतोष को बुलाया मंच पर : अपने भाषण के दौरान डॉ. मिश्रा ने कहा कि अब आशुतोष तिवारी कार्यकर्ताओं के बीच आएंगे और सभी उनका आत्मीय स्वागत करेंगे। जब आशुतोष तिवारी मंच पर आने में कुछ देर कर रहे थे तो डॉ. मिश्रा ने स्वयं उन्हें फोन कर बुलाया। कुछ ही मिनटों बाद आशुतोष तिवारी मंच पर पहुंचे और दोनों नेताओं ने साथ मिलकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
पीतांबरा माई को साक्षी मानकर दोनों नेताओं ने लिया संकल्प : सभा के दौरान डॉ. नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी ने मां पीतांबरा को साक्षी मानते हुए दतिया के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। डॉ. मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की हर समस्या उनकी अपनी समस्या होगी और वे हमेशा उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। वहीं आशुतोष तिवारी ने डॉ. मिश्रा को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि वे भी मां पीतांबरा को साक्षी मानकर दतिया के विकास और कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा का संकल्प लेते हैं।
कार्यकर्ताओं को दिलाई शपथ, बोले- “गुस्सा गलत जगह मत निकालो” : डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को पीतांबरा माई की शपथ दिलाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान कराने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भाजपा से बदला लेने की बात कर रहे थे, जबकि भाजपा उनकी अपनी पार्टी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “आशुतोष की टिकट काटने की क्षमता नहीं है, टिकट का निर्णय कहीं और होता है। वहां हमें बात करनी है, हम करेंगे। लेकिन गुस्सा गलत जगह नहीं निकालना है।”
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी निर्दोष कार्यकर्ता पर प्रशासनिक कार्रवाई होती है तो वे उसके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। गुरुवार को भाजपा कार्यालय में हुई यह बैठक दतिया उपचुनाव के बीच संगठन को एकजुट करने और चुनावी अभियान को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण बैठक के रूप में देखी जा रही है।

