दतिया। गर्मी के बढ़ते प्रभाव के बीच पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शहर में दाना-पानी अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में इंसानों के साथ-साथ पक्षियों और पशुओं को भी पानी और भोजन की जरूरत होती है। ऐसे में उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना पुण्य का कार्य है।
रविवार को माई कृपा निवास पर सकोरे टांगकर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान डॉ. मिश्रा ने कहा कि गर्मी के दिनों में यदि पक्षियों को समय पर पानी और भोजन नहीं मिले तो कई बार वे भूख-प्यास से दम तोड़ देते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, बगीचे, कार्यालय या आसपास के पेड़ों पर सकोरे टांगकर पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था करनी चाहिए।
समाज की भागीदारी जरूरी : डॉ. मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जीवों की सेवा करना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने इस पहल के लिए समाजसेवी डॉ. राजू त्यागी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे हर वर्ष गर्मी के मौसम में शहर के अलग-अलग स्थानों पर सकोरे टंगवाकर पक्षियों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करते हैं। यदि समाज के अन्य लोग भी आगे आएं तो गर्मी में पक्षियों की जान बचाई जा सकती है।
शहर के कई स्थानों पर लगाए जाएंगे सकोरे : अभियान के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. राजू त्यागी ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी गर्मी को देखते हुए दाना-पानी अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत न्यू कलेक्ट्रेट परिसर, पुरानी कचहरी परिसर, जिला अस्पताल सहित शहर के कई स्थानों और मंदिर परिसरों में सकोरे टांगे जाएंगे, जहां पक्षियों का अधिक आवागमन रहता है।
उन्होंने बताया कि इन स्थानों का चयन इस तरह किया गया है ताकि नियमित रूप से सकोरों में पानी और दाना भरा जा सके। साथ ही स्थानीय नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की गई है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

