नई दिल्ली/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाकात के एक दिन बाद वे दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भेंट की। इस दौरान उन्होंने एमपी भवन में कार्यकर्ताओं और परिचितों से मुलाकात की तथा भोजन भी किया।
दिल्ली पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. मिश्रा ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “नरोत्तम मिश्रा भाजपा में पैदा हुआ है और भाजपा में ही अंतिम सांस लेगा।” हाल के दिनों में उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने या किसी अन्य दल में जाने की चर्चाओं पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में विराम लगा दिया।
“पार्टी का निर्णय सर्वोपरि, जो जिम्मेदारी मिलेगी निभाऊंगा” : डॉ. मिश्रा ने कहा कि पार्टी के भीतर अपनी बात रखने की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है और उन्होंने उसी प्रक्रिया के तहत अपनी बात संगठन के सामने रखी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है क्योंकि संगठन दूरगामी सोच के साथ फैसले लेता है।
उन्होंने कहा, “पार्टी हमसे कहीं अधिक दूर तक देख सकती है। उसका हर निर्णय हमारे लिए सिर माथे है और हम उसी के अनुसार कार्य करेंगे।”
13 जुलाई को आशुतोष तिवारी के नामांकन में रहेंगे साथ : पूर्व गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि वे 13 जुलाई को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने आशुतोष तिवारी को एक सक्षम और अच्छा नेता बताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है, इसलिए वे पूरी निष्ठा के साथ उनके समर्थन में रहेंगे।
नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की कही बात : डॉ. मिश्रा ने टिकट को लेकर नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लेकर भी सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता भाजपा परिवार का हिस्सा हैं और बातचीत के जरिए उनकी नाराजगी दूर की जाएगी।
“दिल्ली आना पहले से तय था” : मीडिया द्वारा अचानक दिल्ली पहुंचने को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि उनका यह दौरा अचानक नहीं था, बल्कि पहले से निर्धारित था। उन्होंने बताया कि वे पहले से तय कार्यक्रम के तहत दिल्ली आए हैं और यहां पार्टी नेताओं से मुलाकात के साथ अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।
उपचुनाव में तेज हुई राजनीतिक गतिविधियां : दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। भाजपा ने आशुतोष तिवारी, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने दामोदर यादव को मैदान में उतारा है। टिकट घोषणा के बाद भाजपा के भीतर नाराजगी देखने को मिली थी, लेकिन अब डॉ. नरोत्तम मिश्रा के लगातार आ रहे बयानों और नामांकन में शामिल होने की घोषणा को संगठनात्मक एकजुटता की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

