नई दिल्ली/मुंबई। महाराष्ट्र के पश्चिमी घाट क्षेत्र में सक्रिय संगठित वन्यजीव तस्करी सिंडिकेट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने करारा प्रहार करते हुए दो अलग-अलग खुफिया अभियानों में छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। 25 और 26 नवंबर 2026 को पुणे और नवी मुंबई में अंजाम दी गई इन कार्रवाइयों में डीआरआई टीम ने दो बोतलों में भरा लगभग 2 लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर, तीन बड़ी बिल्लियों (बाघ, तेंदुआ और चीता) की खालें तथा शिकार में इस्तेमाल होने वाली एक एयर राइफल बरामद की है। सभी आरोपियों और जब्त सामग्री को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र वन विभाग (Forest Department) के सुपुर्द कर दिया गया है।
1. ‘ऑपरेशन वेनम शील्ड’ (पुणे): कार्तिक पूर्णिमा की भीड़ के बीच पीछा कर पकड़ा 2 लीटर जहर
-
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निकला मुख्य कड़ी: डीआरआई को पुख्ता सूचना मिली थी कि स्टॉक ट्रेडर से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बना एक व्यक्ति अवैध रूप से सांप के जहर की डील करने वाला है। 25 नवंबर 2026 को पुणे के बाहरी इलाके में कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक आयोजन की भीड़ के बीच जब आरोपी एक बिचौलिए और खरीदार से मिलने पहुंचा, तो अधिकारियों ने घेराबंदी की।
-
इंद्रायणी नदी के पास दबोचे गए तीन आरोपी: घनी भीड़ और दुर्गम रास्ते में काफी दूर तक पैदल पीछा करने के बाद डीआरआई टीम ने तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी में दो बोतलों में भरा करीब 2 लीटर संदिग्ध किंग कोबरा (Ophiophagus hannah) का जहर मिला। पीछा करने के दौरान जहर के रिसाव (फैलने) की चपेट में आने से एक डीआरआई अधिकारी भी घायल हो गया।
2. ‘ऑपरेशन फेलिन विजिल’ (नवी मुंबई): दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार, गोली के निशान वाली खालें जब्त
-
पनवेल में बाघ और तेंदुए की खाल बरामद: सोशल मीडिया के जरिए वन्यजीव ट्रॉफी बेचने की कोशिशों की गुप्त सूचना पर डीआरआई ने 26 नवंबर 2026 को पनवेल क्षेत्र में एक संदिग्ध को रोककर उसके बैग से संदिग्ध बाघ (Panthera tigris) और तेंदुए (Panthera pardus) की दो खालें जब्त कीं।
-
आवासीय परिसर से चीते की खाल व एयर राइफल जब्त: पूछताछ के आधार पर नवी मुंबई के एक आवासीय परिसर में दबिश दी गई, जहां दो महिला निवासियों के कब्जे से एक संदिग्ध चीते (Acinonyx jubatus) की खाल तथा शिकार में प्रयुक्त एक
.177 कैलिबर (4.5 मिमी) ब्रेक-बैरल एयर राइफल (मॉडल 23)बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की खाल पर इसी राइफल से लगी गोली के घाव पाए गए हैं।
अनुसूची-I के तहत सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त हैं ये प्रजातियां : गौरतलब है कि किंग कोबरा, बाघ, तेंदुआ और चीता—ये चारों वन्यजीव वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I (Schedule-I) के अंतर्गत आते हैं। कानून के तहत इन लुप्तप्राय प्रजातियों का शिकार करना, पकड़ना, बिना अनुमति पास रखना या इनके अंगों (ट्रॉफी/जहर) का व्यापार करना गैर-जमानती और गंभीर दंडनीय अपराध है।
