नई दिल्ली/एकता नगर। भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। वर्ष 2024 की सिनेमाई उपलब्धियों के लिए यह सम्मान 22 सितंबर 2026 को गुजरात के केवडिया स्थित एकता नगर में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बाहर समारोह आयोजित करने की नई नीतिगत पहल के तहत यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करेगा। 1954 में स्थापित इन पुरस्कारों में देश की समृद्ध भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय सिनेमाई विविधता को सराहा गया है।
‘आर्टिकल 370’ का जलवा, कार्तिक और ममूटी संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर : घोषित परिणामों में राजनीतिक थ्रिलर फिल्म ‘आर्टिकल 370’ ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सर्वोच्च सम्मान अपने नाम किया है। वहीं मुख्य अभिनय श्रेणियों में कांटे की टक्कर देखने को मिली:
-
सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता: मलयालम फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए दिग्गज अभिनेता ममूटी और बायोपिक ड्रामा ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया।
-
सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेत्री: ‘आर्टिकल 370’ में अपने दमदार व संजीदा अभिनय के लिए यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया जाएगा।
-
सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक: ऐतिहासिक ड्रामा ‘स्वतंत्र वीर सावरकर’ के लिए अभिनेता-निर्देशक रणदीप हुड्डा को बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर के सम्मान से नवाजा जाएगा।
नॉन-फीचर श्रेणी और संथाली भाषा ने रचा इतिहास : नॉन-फीचर वर्ग में ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म तथा ‘राम-नामी’ को जूरी द्वारा सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) चुना गया। इस वर्ष पहली बार किसी संथाली भाषा की फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के गैर-फीचर वर्ग में सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, मराठी, तुलु और गढ़वाली जैसी प्रांतीय भाषाओं के उत्कृष्ट सिनेमा को भी मंच मिला है। ‘कल्कि 2898 ईस्वी’, ‘अमरन’, ‘पुष्पा: द रूल पार्ट-02’, ‘भूल भुलैया 3’ और ‘स्त्री 2’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को विभिन्न तकनीकी व विशिष्ट श्रेणियों में पुरस्कार मिलेंगे।
सिनेमा लेखन और समीक्षा में इनका डंका
-
सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक: जाने-माने समीक्षक संजीव श्रीवास्तव।
-
सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ पुस्तक: डॉ. प्रदीप केंचनुरु द्वारा रचित कन्नड़ पुस्तक ‘नानिरुवुदे निमगागी, नादिरुवुदे ननगागी: कन्नड सिनेमाद तात्विक मत्तु राजकीय’ (मिरर बुक्स द्वारा प्रकाशित)।

