दतिया : जिले के सेवढ़ा चुंगी क्षेत्र में घरेलू हिंसा की एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही दो बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। रविवार रात हुई इस घटना में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चों की मां किसी पारिवारिक कार्यक्रम के चलते घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान बच्चे घर पर अकेले थे। जब महिला देर शाम वापस लौटी तो उसने दोनों बच्चों को घायल अवस्था में पाया। उनके शरीर और चेहरे पर चोट के स्पष्ट निशान थे और वे दर्द से कराह रहे थे। मां बिना समय गंवाए उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया।
अस्पताल में बच्चों ने बताया कि उनके साथ यह मारपीट उनके पिता द्वारा की गई है। महिला ने भी आरोप लगाया कि उसका पति शराब का आदी है और अक्सर नशे की हालत में घर में विवाद करता रहता है, जिससे परिवार में लगातार तनाव बना रहता है।
घटना ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब रात करीब साढ़े 9 बजे आरोपी अस्पताल पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नशे में था और अस्पताल परिसर में ही पत्नी से विवाद करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे रोका और पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी मजदूरी और ड्राइविंग का काम करता है, लेकिन उसकी शराब की लत के कारण परिवार आए दिन परेशान रहता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल बच्चों का इलाज जारी है।

